लोकसभा चुनाव 2024: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से मल्लिकार्जुन खरगे ने शुरू किया चुनावी अभियान, निशाने पर रहे पीएम मोदी, जानिए क्या कुछ कहा

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से मल्लिकार्जुन खरगे ने शुरू किया चुनावी अभियान, निशाने पर रहे पीएम मोदी, जानिए क्या कुछ कहा
  • मल्लिकार्जुन खरगे ने चित्तौड़गढ़ से किया चुनावी आगाज
  • पीएम मोदी पर बरसे मल्लिकार्जुन खरगे
  • अपने पापों को छिपा रही बीजेपी- खरगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी चुनावी प्रचार अपने और चंदे के पैसों से करें। क्योंकि, अगर वे सरकारी पैसों से सरकारी सुविधाएं लेकर घूमते रहेंगे, तो देश का उद्धार नहीं होगा। लेकिन मोदी का खेल यहां नहीं चलेगा, क्योंकि ये शक्ति, भक्ति और वीरता का गढ़- चित्तौड़गढ़ है।

'पीएम मोदी ने देश के लिए कुछ नहीं किया'

चुनावी अभियान चित्तौड़गढ़ से शुरू करते हुए मल्लिकार्जुन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजादी दिलाई है। बाबा साहेब अंबेडकर और जवाहर लाल नेहरू ने लोकतंत्र की रक्षा की, देश को संविधान दिया। इसलिए मोदी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। आपने देश के लिए कुछ नहीं किया।

अपने पापों को छिपा रही बीजेपी- खरगे

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आम जनता और कार्यकर्ताओं से जो चंदा जुटाया था, नरेंद्र मोदी ने उस चंदे की चोरी की है। हमारे बैंक अकाउंट से 135 करोड़ रुपये निकाले लिए। आज कांग्रेस के ऊपर 3,567 करोड़ रुपए की पेनाल्टी लगाई गई। जबकि BJP वालों ने जो पैसा लिया, उसका हिसाब नहीं दिया। अगर BJP पर पेनाल्टी लगाई जाए तो वह 4,600 करोड़ रुपए की होगी। BJP हुकूमत में रहते हुए अपने पापों को छिपा रही है।

भ्रष्टाचार पर हमला

कांग्रेस नेता खरगे ने कहा कि PM मोदी कहते हैं- मैं भ्रष्टाचार को खत्म कर दूंगा। पहले वे विपक्ष के नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं, फिर उन्हें ही अपनी पार्टी में शामिल कर लेते हैं। BJP के पास बहुत बड़ी 'वॉशिंग मशीन' है, जिसमें सारे भ्रष्टाचारी साफ हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि PM मोदी ने कहा था- हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा, काला धन लाकर सबके खाते में 15-15 लाख रुपए दूंगा, किसानों की आय दोगुनी करुंगा। लेकिन उन्होंने किया कुछ भी नहीं, वह सिर्फ झूठे वादे करते हैं।

खरगे ने शायराना अंदाज में कहा कि तख़्त का नशा है, बस देश की फ़िक्र नहीं.. बेरोजगारी, विकास का कहीं भी जिक्र नहीं.. कोई नया झूठ बनाओ, सारे पुराने हो गए.. सड़कों पर देखो बच्चे सयाने हो गए.. जान भी लगा दो अगर, रुकेंगे ये एक कदम भी नहीं, संविधान रोशन रहेगा, चाहे रहें हम नहीं।

Created On :   4 April 2024 4:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story