गिनाई उपलब्धियां: देश के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण - खरगे

देश के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण - खरगे
  • राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की मजबूती के लिए मुंबई में पार्टी का ताकतवार होना जरुरी
  • देश का बुनियादी ढांचा विकसित किया
  • 1989 के बाद गांधी परिवार सत्ता से है दूर

डिजिटल डेस्क, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि देश के बुनियादी ढांचे को विकसित करने में उनकी पार्टी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। खरगे ने यह भी कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर तभी मजबूत हो सकती है जब इसे मुंबई में मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी की शहर इकाई के पास संगठन के पुनर्निर्माण का एक बड़ी जिम्मेदारी है। वे शनिवार को मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय सम्मेलन का वीडियो लिंक के माध्यम से उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे।

खरगे ने कहा कि ‘कांग्रेस को मजबूत करना मुंबई में प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मुंबई और कांग्रेस का पुराना रिश्ता है क्योंकि पार्टी की स्थापना 28 दिसंबर, 1885 को यहीं हुई थी। रोजगार गारंटी योजना (ईजीएस) जैसे कई निर्णयों को कानून के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनाए जाने से पहले कांग्रेस ने इनकी कल्पना राज्य में ही की थी।’’ खरगे ने कहा कि यदि आप इतिहास भूल गए तो आप भविष्य में कुछ नहीं कर सकते। नयी पीढ़ी को यह बताना कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि उसने देश के लिए क्या किया है।’’ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान मुंबई में शुरू की गई विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी ने बुनियादी ढांचे एवं दूरसंचार क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में देश की प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खरगे ने देश की प्रगति का श्रेय लेने की कोशिश के लिए भाजपा की आलोचना की।

1989 के बाद गांधी परिवार सत्ता से है दूर

उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस और गांधी परिवार को केवल अपशब्द कहने का काम कर सकती है। इस परिवार का कोई भी सदस्य 1989 के बाद से मंत्री, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में नहीं रहा है।’’ कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि बेरोजगारी देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोचते हैं कि वह समृद्धि लाए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा ने विभिन्न दलों के 420 विधायकों को खरीदा है। महाराष्ट्र में भी यही किया। शिविर को प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्नीथला व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेडा, कार्याध्यक्ष नसीम खान, विधायक भाई जगताप, मुंबई कांग्रेस के कोषाध्यक्ष संदीप शुक्ला आदि मौजूद थे।

Created On :   10 March 2024 11:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story