- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- चुनाव आयोग को घेरने सड़क पर उतरी...
Mumbai News: चुनाव आयोग को घेरने सड़क पर उतरी महाविकास आघाड़ी और मनसे, निकाला सत्य का मोर्चा

- शरद पवार, उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, बालासाहेब थोरात नजर आए एक साथ
- चुनाव आयोग को घेरने सड़क पर उतरी महाविकास आघाड़ी और मनसे
- विपक्षी दलों ने मुंबई मनपा मुख्यालय पर निकाला सत्य का मोर्चा
Mumbai News. आगामी स्थानीय निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी और मनसे शनिवार को सड़क पर उतर आई। विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र और प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोला। शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ अदालत में जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में सभी सबूत लेकर अदालत में जाएंगे। चुनाव आयोग लाचार हो गया है। इसलिए हमें उम्मीद है कि अदालत से न्याय मिलेगा। यदि वहां न्याय नहीं मिला तो जनता की अदालत में जाएंगे। यानी स्थानीय निकाय चुनाव का सामना करेंगे। इससे विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच खींचतान और बढ़ने के आसार हैं। महाविकास आघाड़ी और मनसे की ओर से केंद्रीय चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयोग के खिलाफ सत्य का मोर्चा निकाला गया। फैशन स्ट्रीट से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के सामने स्थित मुंबई मनपा मुख्यालय तक निकाले गए मोर्चे में शिवसेना (उद्धव), मनसे, कांग्रेस और राकांपा (शरद), शेकाप समेत कई विपक्षी दलों के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मोर्चे में विपक्षी दलों के नेताओं ने मतदाता सूची में गड़बड़ी सहित कई आरोप लगाए। विपक्ष के मोर्चे के जवाब में सत्तारूढ़ भाजपा ने गिरगांव चौपाटी पर मूक आंदोलन किया। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, प्रदेश के कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम सहित पार्टी के विधायक, पदाधिकारी और नेता शामिल हुए।
विपक्षी दलों को मतभेद भुलाकर एक होना पड़ेगा- शरद पवार
मोर्चे में राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि विपक्ष के दलों में राजनीतिक मतभेद और संघर्ष हो सकते हैं। लेकिन हमें यह सब मतभेद भुलाकर एक होना पड़ेगा। लोकतंत्र में संविधान के जरिए नागरिकों को वोट देने का अधिकार मिला हुआ है। इस अधिकार का जतन करना हम सबकी जिम्मेदारी है। विपक्षी दलों को भी देश में संसदीय लोकतंत्र और वोट देने का अधिकार टिकाए रखने के लिए एक होना पड़ेगा। पवार ने कहा कि साल 2024 के विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद यह स्पष्ट है कि सत्ता का दुरुपयोग हो रहा है। पवार ने कहा कि फर्जी दस्तावेज के जरिए आधार कार्ड बनाने के बारे में कुछ लोगों ने सबूत दिया तो उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पवार का इशारा राकांपा (शरद) के विधायक रोहित पवार की ओर था। झूठ सिद्ध करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। इसका मतलब है कि सरकार उसको संरक्षण दे रही है।
वोट चोर जहां दिखें, वहीं पर मारो - उद्धव ठाकरे
शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य में वोट चोर जहां भी दिखे। उसको वहीं पर लोकतांत्रिक तरीके से मारो। उन्होंने कहा कि हमें कानून हाथ में नहीं लेना है। लेकिन कोई वोट चोरी करके स्थानीय निकाय चुनाव कराने का प्रयास न करे। उद्धव ने कहा कि मैं और राज ठाकरे हिंदुओं, महाराष्ट्र और मराठी भाषिकों के लिए साथ आए हैं। हम जनता का कर्तव्य है कि वह हमारा साथ दे। उद्धव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक बार फिर एनाकोंडा कहा। उन्होंने कहा मतदाताओं को जागते रहना चाहिए नहीं तो एनाकोंडा आ आएगा। उनकी भूख कम नहीं हो रही है। उन्होंने शिवसेना (अविभाजित) को चुराया। मेरे पिता बालासाहेब ठाकरे को चुराने की कोशिश की जा रही है। अब वोट चोरी का प्रयास किया जा रहा है। इसी बीच उद्धव ने दावा करते हुए कहा कि मेरा और मेरे परिवार का नाम मतदाता सूची से डिलीट करने की साजिश रची जा रही है। उद्धव ने कहा कि मेरे नाम से चुनाव आयोग में किसी ने फर्जी तरीके से बीते 23 अक्टूबर को सक्षम एप पर ऑनलाइन वेरिफिकेशन फार्म भरा गया है। इसका मतलब है कि मेरे नाम से फर्जी नंबर पर हैक करके ओटीपी निकालने का प्रयास किया गया। मेरे सहित परिवार के चारों सदस्यों का नाम मतदाता सूची से हटाने कोशिश की गई है। इसकी जांच के लिए मेरे घर मातोश्री में चुनाव आयोग के अधिकारी आए थे। लेकिन मैंने उन्हें बताया है कि मैंने कोई आवेदन किया ही नहीं है।
दो-तीन जगह नाम वाले मतदाताओं को मारो - राज ठाकरे
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने निकाय चुनाव से पहले कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच करें। यदि मतदाता सूची में दो से तीन जगह नाम वाले मतदाता आते हैं तो वही जमकर मारो। इसके बाद उन्हें पुलिस के हाथों सौंप दो। राज ने कहा कि जुलाई 2025 तक मुंबई उत्तर में 62 हजार 370, मुंबई उत्तर- पश्चिम में 60 हजार 231, मुंबई उत्तर-पूर्व में 92 हजार 983, मुंबई उत्तर-मध्य में 63 हजार 740, मुंबई दक्षिण-मध्य में 50 हजार 565, दक्षिण मुंबई में 55 हजार 205, नाशिक में 1 लाख 45 हजार 336, पुणे में 1 लाख 2 हजार और ठाणे में 2 लाख 9 हजार 981 मतदाता का नाम दो जगह पर है। राज ने दो बार नाम वाले मतदाताओं की सूची का सबूत भी मोर्चे में पेश किया। कल्याण ग्रामीण, भिवंडी और मुरबाड के साढ़े चार हजार मतदाताओं ने अपने निर्वाचन क्षेत्र अलावा मुंबई के मलबार हिल में भी मतदान किया है। यानी दो बार वोटिंग की है। राज ने कहा कि निर्वाचन आयोग को निकाय चुनाव कराने के लिए जल्दबाजी क्यों है?
मतदाता सूची से फर्जी मतदाताओं को हटाने के बाद हो चुनाव- थोरात
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थारोत ने कहा कि यह मोर्चा केवल चुनाव आयोग के खिलाफ नहीं है बल्कि जो लोग चुनाव आयोग को चला रहे हैं। उनके विरोध में भी है। निकाय चुनाव की मतदाता सूची दोषपूर्ण है। इसलिए मतदाता सूची से फर्जी मतदाताओं को हटाने के बाद स्थानीय निकाय के चुनाव होने चाहिए।
फेक नैरेटिव तैयार करने का प्रयास कर रहा विपक्ष- चव्हाण
इधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि महाविकास आघाड़ी संवैधानिक संस्थाओं का अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। राज्य में स्थानीय निकाय के चुनाव होने हैं। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इसलिए महाविकास आगाड़ी और मनसे मोर्चे निकालकर फेक नैरेटिव तैयार करने कोशिश कर रही है।
Created On :   1 Nov 2025 8:32 PM IST












