भूलकर भी न जाएं इन देशों में, हो सकता है मौत से सामना

भूलकर भी न जाएं इन देशों में, हो सकता है मौत से सामना

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-16 12:03 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।  इंसानी फितरत है खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर करना और कुदरत के नजारों का लुत्फ उठाना। हम साल भर खूब सारा और टूटकर काम करने के बाद कुछ दिनों का आराम चाहते हैं। इसके लिए घर से दूर अलग-अलग जगहों पर जाकर हम अपनी थकान मिटाते हैं और प्रकृति से अपना रिश्ता कायम करते हैं। कुछ लोगों को कुदरती नजारों के बीच शांति मिलती है तो कुछ को ऐतिहासिक इमारतों के पास जाकर सुकून मिलता है। लोग इतिहास को करीब से जानने के लिए कई बार दूसरे देशों की सैर भी करना पसंद करते हैं।

आज हम आपको भी ऐसे ही देशों के बारे में बताने जा रहे हैं जो अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए तो दुनियाभर में जाने जाते हैं, लेकिन आज-कल यहां जाना जान जोखिम में डालने जैसा है। ये देश लंबे समय से आतंकवाद से जूझ रहे हैं और इसी वजह से इन्हें पर्यटकों के लिए खतरनाक माना जाता है।

 



1. सोमालिया
आपने कई हॉलीवुड फिल्मों में सोमालिया के बदतर हालात देखे होंगे। ये देश लंबे समय तक गृहयुद्ध का शिकार रहा है और युद्ध की वजह से इसके आर्थिक हालात बेहद खराब हैं। यहां पर भूखमरी और बेरोजगारी का तांडव है और लोग कम उम्र से ही अपराधी बन जाते हैं। सोमालिया के समुद्री लुटेरे अपहरण और फिरौती के लिए दुनिया भर में बदनाम हैं। यहां हीरों की अवैध खानें भी हैं जिसे हथियाने के लिए यहां शक्तिशाली लोगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चलती रहती है। अव्यवस्थित सरकार और असफल प्रशासन इस अफ्रीकी देश की सबसे बड़ी समस्या है। इस देश में किसी बाहरी शख्स का जाना किसी बुरे सपने से कम नहीं।

 



2. इराक
ऐतिहासिक मस्जिदों और मीनारों वाले इराक के साथ भारत का सदियों पुराना रिश्ता है। खानपान से लेकर संगीत और संस्कृति तक पर दोनों देशों ने एक-दूसरे पर प्रभाव डाला है। अफसोस, एक बेहतरीन ट्रैवल डेस्टिनेशन होने के बाद भी इराक के नाम से पर्यटक कांप जाते हैं। वजह है कि यहां अक्सर मस्जिदों, बाजारों और सरकारी दफ्तरों में आत्मघाती हमले होते रहते हैं। खाड़ी देशो में मौजूद "इराक" एक मुस्लिम देश है। जिसकी राजधानी बगदाद है। इस वक्त इराक को दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में गिना जाता है। यहां लंबे समय से शिया और सुन्नी मुसलमानों के बीच वर्चस्व की जंग चल रही है। दूसरी तरफ कुर्दों समेत कई और समुदायों का जीवन तबाह हो चुका है। इराक इस समय बहुत बुरे दौर से गुजर रहा है। यहां पर ISIS जैसे आतंकी संगठन समानांतर सत्ता चलाते हैं और हर तरफ जैसे हिंसा का बोलबाला है। औरतों और बच्चों के लिए ये देश किसी नर्क से कम नहीं है। औरतों को यहां जिस्मफरोशी के दलदल में धकेल दिया जाता है और बच्चों को कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में शामिल कर लिया जाता है।

 



3. दक्षिण सूडान
कई अन्य अफ्रीकी देशों की तरह ही दक्षिणी सूडान में भी गृहयुद्ध का लंबा इतिहास रहा है। यहां दशकों तक मची मारकाट ने जैसे इस देश की सभ्यता को ही आदिम बना दिया है। यूएन के मुताबिक यहां हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। यहां अपराध चरम पर है और लूट-मार, चोरी-डकैती बेहद आम बात है। यहां बच्चों और महिलाओं पर लगातार अत्याचार किया जाता रहा है। बच्चे आम जिंदगी से कोसों दूर हैं और सैंकड़ों औरतों को बलात्कार का शिकार होना पड़ा है।

 



4. अफगानिस्तान
अफगानिस्तान ऐतिहासिक तौर पर काफी समृद्ध देश रहा है, लेकिन तालिबानी शासन के दौरान यहां की महान विरासत को खासा नुकसान पहुंचा है। रोजाना होने वाले आतंकी हमलों की वजह से ये अंतर्राष्ट्रीय खबरों में बना रहता है। लंबे समय तक चले गृहयुद्थ ने इसकी कमर तोड़कर रख दी है। कई छोटी--मोटी चीजों के लिए भी ये देश दूसरे देशों पर निर्भर है। कुदरती तौर पर बेहद अलहदा होने के बावजूद यहां पर्यटक नहीं जाते और इसकी वजह यहां पर मौजूद आतंक का खतरा है। यहां आम नागरिक तो छोड़िये दूसरे देशों दूतावास और मंत्री भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते।

 



5. सीरिया
सीरिया भी लंबे समय से आतंकवाद की चपेट में है। दुनिया के सबसे खतरनाक देशों की लिस्ट में "सीरिया" दो सालों से पहले नंबर पर है। ये दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) का गढ़ है जो सीरिया की सेना के साथ लगातार जंग में उलझा हुआ है। यहां की हर एक गली, हर एक शहर पर आतंकवाद के भयानक निशान देखे जा सकते हैं। यहां ISIS ही समस्या नहीं है बल्कि सरकार के विरोधी भी लगातार परेशानी खड़े करते रहते हैं। फिलहाल इसे धरती का नर्क कहा जाए तो इसमें कुछ भी गलत नहीं होगा। 

Similar News