Bollywood: दृश्यम और मदारी जैसी फिल्मों के डायरेक्टर निशिकांत कामत का निधन, अजय देवगन ने जताया दुख

Bollywood: दृश्यम और मदारी जैसी फिल्मों के डायरेक्टर निशिकांत कामत का निधन, अजय देवगन ने जताया दुख

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-17 12:18 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर प्रोड्यूसर-डायरेक्टर और एक्टर निशिकांत कामत अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनकी उम्र 50 साल थी। वे लीवर संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें 31 जुलाई को हैदराबाद के गाचीबाउली में Asian Institute of Gastroenterology (AIG) में भर्ती कराया गया था। AIG अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि निर्देशक निशिकांत कामत का आज 16:24 बजे निधन हो गया। वे पिछले दो वर्षों से लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे।

पहली ही फिल्म को मराठी बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला 
निशिकांत कामत का जन्म महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने साल 2005 में मराठी फिल्म "डोंबिवली फास्ट" से डायरेक्शन में डेब्यू किया था। अपनी पहली ही फिल्म से उन्हें काफी नाम कमाया। इस फिल्म को मराठी बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट मराठी फिल्मों में से एक थी। इसके बाद उन्होंने कई मराठी फिल्मों और बॉलीवुड फिल्मों का निर्देशन किया था। बॉलीवुड में कामत को साल 2015 में आई अजय देवगन, तबू और श्रेया सरन स्टारर फिल्म "दृश्यम" से पहचान मिली। 

रॉकी हैंडसम में निगेटिव किरदार करके खूब सुर्खियां बटोरी
निशिकांत कामत ने दृश्यम, मदारी और मुंबई मेरी जान सहित बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों का निर्देशन किया। निशिकांत कामत एक निर्देशक के अलावा शानदार कलाकार भी थे। उन्होंने जॉन अब्राहम की फिल्म रॉकी हैंडसम में निगेटिव किरदार करके खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा निशिकांत कामत ने डैडी, जुली 2 और भावेश जोशी में भी अभिनय किया था। 

मुंबई मेरी जान से अपने डायरेक्शन करियर की शुरुआत
उन्होंने साल 2008 में आई फिल्म मुंबई मेरी जान से अपने डायरेक्शन करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और अपनी रियलिस्टिक स्टोरीटेलिंग के लिए उनके डायरेक्शन की काफी प्रशंसा हुई थी। निशिकांत ने हमेशा से ही समाज से जुड़े कुछ डार्क पहलुओं को इस्तेमाल कर फिल्में बनाई हैं और वे इंडस्ट्री में अपना अलग मकाम हासिल कर चुके हैं। गौरतलब है कि वे अपनी फिल्म दरबदर की तैयारी कर रहे थे। ये फिल्म साल 2022 में रिलीज होने वाली थी।

 

Tags:    

Similar News