इंडिगो ने नहीं ली भारतीय करेंसी, एयरलाइन के खिलाफ 'राष्ट्रद्रोह' का केस दर्ज

इंडिगो ने नहीं ली भारतीय करेंसी, एयरलाइन के खिलाफ 'राष्ट्रद्रोह' का केस दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-21 12:43 GMT
इंडिगो ने नहीं ली भारतीय करेंसी, एयरलाइन के खिलाफ 'राष्ट्रद्रोह' का केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंटरग्लोब एविएशन की एयरलाइन इंडिगो पिछले कुछ महीनों से लगातार विवादों में बनी हुई है। कभी यात्री से मारपीट करने का मामला सामने आता है, तो कभी महिला से छेड़छाड़ का। इस बार इंडिगो के खिलाफ राष्ट्रद्रोह की शिकायत हुई है। नई दिल्ली के सरोजनी नगर पुलिस स्टेशन में एयरलाइन के खिलाफ राष्ट्रद्रोह की शिकायत दर्ज हुई है। प्रमोद कुमार जैन ने एयरलाइन के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया है।

प्रमोद कुमार जैन ने मामला दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि बैंगलुरु-दुबई फ्लाइट के दौरान एयरलाइन ने उनसे भारतीय करेंसी लेने से इनकार कर दिया। प्रमोद कुमार ने इंडिगो के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता के सेक्शन 124 A (राष्ट्र द्रोह) और नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रमोद ने कहा कि मेरे लगातार कहने पर भी क्रू मेंबर्स ने भारतीय करेंसी नहीं ली। यह राष्ट्र द्रोह का मामला है।

 

क्रू मेंबर्स ने खाना देने से किया इनकार

प्रमोद कुमार एक रियल स्टेट कारोबारी हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने 10 नवंबर 2017 को बेंगलुरु से दुबई के लिए इंडिगो फ्लाइट नंबर 6E95 से टिकट कराई थी। टिकट में उन्होंने मील नहीं लिया था। फ्लाइट के दौरान उन्होंने खाना ऑर्डर किया, लेकिन क्रू मेंबर्स ने उन्हें खाना देने से इनकार कर दिया, क्योंकि वे भारतीय करेंसी में भुगतान कर रहे थे। उनका आरोप है कि क्रू मेंबर्स ने उनसे विदेशी करेंसी में भुगतान करने को कहा था।

फ्लाइट में भारतीय पैसेंजर्स के लिए लीगल टेंडर

प्रमोद का कहना है कि कोई भारतीय एयरलाइन भारत की करेंसी स्वीकार करने से इंकार नहीं कर सकती है, जबकि वह भारतीय पैसेंजर्स के लिए लीगल टेंडर है। इससे पहले भी इंडिगो कर्मचारियों न एक बुजुर्ग पैसेंजर के साथ मारपीट की थी। हालांकि, कंपनी ने इस मामले में बयान जारी कर माफी मांगी थी।

Similar News