महंगाई ने छीनी रसोई की महक! लहसुन-अदरक- टमाटर का तड़का हुआ महंगा

  • आसमान छू रही है अदरक और लहसुन की कीमत
  • कम आपूर्ति के कारण बढ़े दाम
  • बाजार में आवक कम
  • टमाटर के बढ़े दाम ने बिगाड़ा जायका

Tejinder Singh
Update: 2023-06-15 13:41 GMT

डिजिटल डेस्क, अकोला। कम आपूर्ति के कारण अदरक और लहसुन की कीमत आसमान छू रही है। दो महीने पूर्व आवक ज्यादा होने के कारण अदरक केवल 30 से 40 रुपए प्रति किलो बिक रहा था। अचानक आवक कम होने से अदरक के दाम में 4 गुना बढ़कर दाम 140 से 160 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। इसी तरह बाजार में लहसुन के दाम दो महीने पहले 60 से 70 रुपए प्रति किलो थे। जबकि अब 130 से 140 रू. प्रति किलो फुटकर और थोक में 100 से 120 रू. प्रति किलो हो गए हैं। इस संदर्भ में अदरक व लहसुन विक्रेता अहसान शाह ने बताया कि आपूर्ति कम होने के कारण अदरक और लहसुन के दाम अधिक हो गए हैं। जिससे लहसुन अदरक की महंगी पेस्ट से रसोई की महक कम हुई है।

जनवरी से अप्रैल तक अदरक का सीजन होता है, इस दौरान क बाजार में सबसे ज्यादा आवक होती है। यह वर्ष चुनौती भरा रहा है, क्योंकि ज्यादा तापमान उपज को खराब कर रहा है। किसान अगस्त और सितंबर में अदरक की बुवाई करते हैं। नई फसल की आपूर्ति जनवरी से शुरू होती है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अदरक का थोक दाम 8 हजार से 12 हजार रू. प्रति क्विंटल रहा। इसी तरह पिछले वर्ष लहसुन का अधिक उत्पादन होने से आवक भी बड़े पैमाने पर हुई थी। जिससे पूरे वर्ष तक अच्छी क्वालिटी का लहसुन 60 रू. से 80 रू. प्रति किलो पहुंच गया था, लेकिन पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष उत्पादन में गिरावट आई, आवक कम होने लगी,  जिससे लहसुन के दाम बढ़ गए हैं। जो दो महीने पहले 60 से 70 रू. प्रति किलो दाम थे, अब 130 से 140 रू. किलो फुटकर भाव और थोक में भाव 100 रू. से 120 रू. किलो सहित 14 हजार रूपए क्विंटल पहुंच गए हैं।

टमाटर के बढ़े दाम ने बिगाड़ा सब्जियों का जायका

सब्जी मंडी में इन दिनों टमाटर की आवक कम होने से टमाटर के दाम बढ़ गए हैं। इसके चलते थोक सब्जी मंडी में टमाटर की किल्लत बढ़ गई है। मंडी में टमाटर की कम आवक से फुटकर बाजार में टमाटर के दाम प्रति किलो 40 रुपए हो गए हैं। दो महीने पहले टमाटर के दाम 15 से 20 रू. प्रति किलो थे। अब बढ़कर 40 रू. किलो बिक रहा है। दाम आसमान छूने से सब्जियों का जायका बिगड़ गया। टमाटर के थोक दाम 800 से 900 रू. कैरेट चल रहे हैं। एक कैरेट में लगभग 20 से 22 किलो टमाटर आते हैं।

Tags:    

Similar News