पहला चरण समाप्त: चंद्रपुर में 55.11, गड़चिरोली में 65.19, गोंदिया-भंडारा में 55.33 फीसदी मतदान

  • मतदान केंद्र में मिली गड़बड़ी
  • पैसे बांटने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता भड़की
  • केंद्र दूर होने से ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

Tejinder Singh
Update: 2024-04-19 15:26 GMT

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर/गड़चिरोली/गाेंदिया/भंडारा. शुक्रवार को चंद्रपुर, गड़चिरोली, गोंदिया-भंडारा संसदीय क्षेत्र में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की प्रक्रिया पूर्ण हुई। चंद्रपुर लोकसभा मतदाता क्षेत्र के चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 55.11 प्रतिशत मतदान हुआ। चंद्रपुर के 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं गड़चिरोली में अंदाजन 65.19 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। यहां 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। भंडारा-गोंदिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं ने चुनाव में खड़े 18 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम मशीन में बंद कर दिया। यहां शाम 5 बजे तक 55.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि हजारों मतदाताओं के नाम लिस्ट में न होने के कारण उन्हें मतदान से वंचित रहना पड़ा।

मतदान केंद्र में मिली गड़बड़ी

गड़चिरोली जिले के देसाईगंज तहसील के कोंढाला स्थित मतदान केंद्र में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई। मतदाताओं का आरोप है कि, केंद्र में नियुक्त केंद्राध्यक्ष द्वारा ईवीएम की एक विशिष्ट बटन दबाने का आदेश दिया जा रहा था। मतदाता द्वारा आपत्ति जताने के बाद मामला शांत हुआ और मतदान प्रक्रिया शुरु की गई।

पैसे बांटने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता भड़की

चंद्रपुर के वरोरा स्थित कालरी वार्ड में एक राष्ट्रीय पार्टी के कार्यकर्ता द्वारा पैसे बांटने की जानकारी पुलिस विभाग तक पहुंचने से पुलिस निरीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल से चार-पांच लोगों को खदेड़ दिया इस बात से भाजपा महिला कार्यकर्ता भड़क गई। उनका कहना था कि उन्हें भगाना नहीं चाहिए था।

कांग्रेसियों का हंगामा

चंद्रपुर. चंद्रपुर शहर में मतदान के दौरान हिंदी सिटी हाईस्कूल के मतदान केंद्र पर उम्मीदवारों की सूची पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा धानोरकर के सामने कैन्सल का स्टैम्प मारा दिखने से संतप्त कांग्रेसियों ने हंगामा मचाया और संबंधित अधिकारी को सस्पेन्ड करने की मांग की। तनावपूर्ण स्थिति को देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

2 घंटे देरी से शुरू हुआ मतदान

उधर कुरखेड़ा में गड़चिरोली जिला चुनाव विभाग द्वारा कुरखेड़ा तहसील के विभिन्न 5 मतदान केंद्रों पर उपलब्ध करायी गयी ईवीएम में तकनीकी खराबी आने से इन केंद्रों पर करीब 2 घंटे देरी से मतदान की प्रक्रिया शुरू की गयी। मतदान करने के लिए मतदाताओं की भीड़ हो जाने से लोगों को काफी देर कड़ी धूप में मतदान के लिए इंतजार भी करना पड़ा।

केंद्र दूर होने से ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

भंडारा के गोबरवाही में तीन किमी दूर मतदान केंद्र दिए जाने से सक्करधरा ग्राम के कुछ नागरिकों ने मतदान पर बहिष्कार किया। इन ग्रामीणों का घनोड ग्राम में मतदान केंद्र दिया गया था।

यहां शाम 8.30 बजे के बाद भी शुरू रहा मतदान

भंडारा की लाखांदुर तहसील के चप्राड ग्राम के बूथ क्रमांक 362 पर दिन में अलग अलग समय समय तीन बार ईवीएममशन बंद पड़ी। जिससे यहां पर शाम 8.30 बजे के बाद भी 200 मतदाता मतदान केंद्र पर मतदान के लिए इंतजार में थे। इसी तरह से ईटान व सोनी ग्राम में भी देर शाम तक मतदान चलता रहा।

Tags:    

Similar News