दहशत: अब गड़चिरोली के पलसगांव क्षेत्र में दाखिल हुआ जंगली हाथियों का झुंड

अब गड़चिरोली के पलसगांव क्षेत्र में दाखिल हुआ जंगली हाथियों का झुंड
  • जंगली हाथियों का उपद्रव थमने का नाम नहीं ले रहा
  • खेतों में प्रवेश कर फसलों को तबाह करने का काम कर रहे
  • वनविभाग की टीम ने नुकसानग्रस्त किसानों के खेतों का पंचनामा किया

डिजिटल डेस्क, कुरखेड़ा (गड़चिरोली)। देसाईगंज वनविभाग के तहत आने वाले कुरखेड़ा तहसील में जंगली हाथियों का उपद्रव थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर आये दिन झुंड के हाथी किसी न किसी गांव परिसर के खेतों में प्रवेश कर फसलों को तबाह करने का काम कर रहे हैं। गुरुवार की रात हाथियों के झुंड ने तहसील के पलसगांव से सटे खेतों में प्रवेश गांव के दर्जनों किसानों की धान फसल को तहस-नहस कर दिया।

गुरुवार को वनविभाग की टीम ने नुकसानग्रस्त किसानों के खेतों का पंचनामा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को जंगली हाथियांे का झुंड अंगारा गांव से सटे वनों में था। इस बीच हाथियों ने अंगारा के खेतों में किसी तरह के नुकसान की घटना को अंजाम नहीं दिया। रात में ही हाथियों का झुंड पलसगांव परिसर में दाखिल हुआ। वहीं गुरुवार की रात हाथियों ने पलसगांव निवासी सुरेश सीताराम आडे समेत अन्य किसानों के खेतों में प्रवेश किया। इन किसानों ने अपने खेतों में धान की फसल लगायी थी। हाथियों ने खेतों में जमकर उत्पात मचाते हुए धान की सारी फसलों को तहस-नहस कर दिया है। जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। नुकसानग्रस्त किसानों ने सरकार से तत्काल वित्तीय मदद की गुहार लगाई है।

पक कर तैयार है धान : हर वर्ष की तरह इस बार भी तहसील के किसानों ने अपने खेतों में रबी सत्र की धान फसल लगाई। वर्तमान में धान की फसल पूरी तरह तैयार हो गयी है। कुछ किसानों ने धान कटाई का कार्य भी शुरू कर दिया है। वहीं बेमौसम बारिश का दौर शुरू होने से कुछ किसानों द्वारा अब तक कटाई का कार्य शुरू नहीं किया गया। लेकिन ऐसी स्थिति में ही जंगली हाथियांे का झुंड खेतों में प्रवेश कर फसलों को तहस-नहस कर रहा है। जिससे हाथ आयी फसल बर्बाद होने से किसान संकट में दिखायी दे रहें है।


Created On :   25 May 2024 10:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story