प्रेम प्रकरण: प्रेमिका की जिद पूरी करना प्रेमी को पड़ा भारी, वाठोडा में मामला दर्ज , जेल पहुंचा प्रेमी

  • 18 वर्ष पूरे होने के थे, भाग कर शादी की जिद की
  • 3 माह बाद पुलिस ने प्रेमी को पकड़ा
  • प्रेमिका को महिला सुधारगृह और प्रेमी को जेल भेजा

Anita Peddulwar
Update: 2024-01-10 07:22 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाठोडा क्षेत्र में कथित प्रेमिका की जिद के चलते उसके प्रेमी के खिलाफ वाठोडा थाने में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी शुभम गायकवाड़ है। प्रेमी युगल के घर से गायब होने के करीब 3 माह बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ा। प्रेमिका को 18 वर्ष पूरे होने में कुछ दिन बाकी थे। यह बात उसका प्रेमी बार- बार समझा रहा था लेकिन उसने घर से भागने की जिद पकड़ी। उसकी इस जिद के चलते प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमिका को महिला सुधारगृह भेज दिया गया और प्रेमी शुभम को जेल भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शुभम गायकवाड़ इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है। उसके पिता की मौत के बाद मां के साथ रहता था। शुरूआत में पुणे-मुंबई में नौकरी की। 

मां की तबीयत खराब होने के कारण वापस नागपुर आ गया। नागपुर में आने के बाद वह प्लम्बिंग का काम करने लगा। उसकी फेसबुक के माध्यम से एक किशोरी से दोस्ती हो गई। फेसबुक के बाद दोनों के बीच चैटिंग शुरू हो गई। किशोरी अपने परिवार के साथ रहती है। उसकी मां का निधन हो चुका है। दोनों एक दूसरे के साथ घूमने फिरने लगे थे। दोनों ने प्रेम विवाह करने का निर्णय लिया। उसकी उम्र 17 वर्ष होने के कारण शुभम उसे बार- बार समझा रहा था कि जब तक वह 18 साल की नहीं हो जाती तब तक शादी नहीं कर सकते हैं। वह 18 वर्ष पूरा होने पर उससे शादी करने का वादा कर रहा था, लेकिन किशोरी ने उसकी कोई बात नहीं सुनी। गत अक्टूबर माह में दोनों घर से भाग गए। इस मामले में किशोरी के परिजनों ने वाठोडा थाने में शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू की। 

किराए के कमरे में रहने लगे थे : सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुभम ने किशोरी के साथ घर से भागने के बाद वापस नागपुर लौट आए और किराए के कमरे में रहने लगे थे। दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे। इनके बारे में पता चलने पर वाठोडा के थानेदार विश्वानाथ चव्हाण के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। हवलदार नत्थूजी ढोबले, विष्णु मेहर ने दोनों के बारे में पता खोज निकाला।

आग में झुलसी महिला की मौत : कलमना क्षेत्र में पानी गरम करते समय आग में झुलसने से महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक का नाम कुसुम अजीत कल्हारी (यादव) (48) है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डिप्टी सिग्नल कलमना निवासी कुसुम अजीत कल्हारी गत 7 जनवरी को सुबह करीब 10 बजे घर में लकड़ी व भूसे की शेगड़ी पर पानी गरम कर रही थी। इस दौरान साडी को आग लगने पर वह झुलस गई। पड़ोसियों ने उन्हें आग से बचाकर उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल के वार्ड नंबर 4 में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान 9 जनवरी 2024 को महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर कलमना पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। 

Tags:    

Similar News