लापरवाही: मेडिकल में युवक की मृत्यु, परिजनों में आक्रोश

कैज्युअल्टी में लापरवाही से भड़का गुस्सा

Anita Peddulwar
Update: 2023-10-31 06:29 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल मेडिकल की मेडिसीन कैज्युअल्टी में उपचार के लिए लाए गए मरीज के प्रति लापरवाही बरती गई है। मरीज का उपचार करने की बजाय, अब कुछ नहीं हो सकता कहकर मरीज को घर ले जाने की सलाह परिजनों को दी गई। उपचार नहीं हाेने से मेडिकल के चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की गई। शिकायत के बाद कैज्युअल्टी में फोन आया और सभी डॉक्टर मरीज का उपचार करने पहुंचे। मरीज को देखा, तो उसकी सांस चल रही थी। उसे तुरंत अतिदक्षता विभाग में भर्ती किया गया। कुछ समय बाद मरीज की मौत हो गई।

करते रहे अनुरोध, पर सुनवाई नहीं : प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर तीन बजे सावनेर निवासी 32 साल के युवक चंद्रमणि बागडे को उपचार के लिए लाया गया था। उसे जॉन्डिस हुआ था। पेट में पानी जमा हो चुका था। डॉक्टरों ने मरीज की जानकारी लेने के बाद रात 8.30 बजे छुट्‌टी दे दी गई। रात होने से परिजनों व रिश्तेदारों ने भर्ती रखने का अनुरोध किया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। उपचार नहीं हाेता देख सम्राट अशोक बहुउद्देशीय संस्थाध्यक्ष अनिकेत कुत्तरमारे ने चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में शिकायत कर दी। इसके बाद कैज्युअल्टी के सभी डॉक्टरों की भागदौड़ शुरू हुई।

मामले की जांच की मांग : चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से एक महिला डॉक्टर कैज्युअल्टी में पहुंची। पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। माहौल गर्मा गया। सभी डॉक्टर मरीज के पास जमा हुए। जिस डॉक्टर ने मरीज को वापस ले जाने को कहा था, वह भी मरीज के पास था। इसके बाद मरीज को अतिदक्षता विभाग में ले जाया गया। कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई। मेडिकल कैज्युअल्टी में हुई इस घटना से डॉक्टरों की मरीजों के प्रति बरती जा रही लापरवाही उजागर हुई है। कई बार मरीजों को ऐसे हालातों से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी जान पर बन आती है। रात के समय मेडिकल में उपचार के नाम पर टालमटोल किया जाता है। अलग-अलग कारण बताकर उपचार करने से बचने का प्रयास होता है। इस मामले की जांच करने की मांग परिजनों के साथ ही संस्था के पदाधिकारियों ने की है।

Tags:    

Similar News