लोकसभा चुनाव: चुनावी रण में ताल ठोक रहे शाही परिवार के कई सदस्य, भाजपा को इन पर ज्यादा भरोसा

  • इस बार भाजपा टिकट पर सिंधिया
  • 2024 में कमल खिलाएंगी परनीत कौर
  • माणिक्य वंश की देबबर्मा भाजपा प्रत्याशी

Tejinder Singh
Update: 2024-04-09 14:52 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली, अजीत कुमार। आजादी के बाद राजा और उनकी राजशाही भले ही समाप्त हो गई हो, लेकिन देश की सियासत में राजपरिवारों का दखल बदस्तूर जारी है। सत्तापक्ष हो या विपक्ष, जीत की गारंटी मानकर पार्टियां राजपरिवार के सदस्यों को चुनावी समर में उतारती रही हैं। 2024 के चुनाव में भी रॉयल परिवार के कई सदस्य अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

कर्नाटक के मैसूर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार को भाजपा ने मैसूर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। इसी प्रकार भाजपा ने पश्चिम बंगाल में राजबाड़ी की राजमाता कही जाने वाली अमृता रॉय को कृष्णानगर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस की चर्चित सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ मैंदान में उतारा है।

इस बार भाजपा टिकट पर सिंधिया

वर्षों तक कांग्रेस की राजनीति करने वाले ग्वालियर राजघराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया इस बार मध्यप्रदेश की गुना लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं तो मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राघोगढ़ राजघराने के दिग्विजय सिंह राजगढ़ सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी रण जीतने की जुगत में हैं। भाजपा ने ओडिशा में पटनागढ़-बोलांगीर राजघराने से संबंध रखने वाली संगीता कुमारी सिंह देव को बोलांगीर लोकसभा सीट से तो मालविका केशरी देव को कालाहांडी सीट से मैंदान में उतारा है। मालविका देव का संबंध कालाहांडी रियासत से है।

राजसमंद से महिमा कुमारी मैंदान में

धौलपुर शाही परिवार से संबंध रखने वाली वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह एक बार फिर राजस्थान की झालावाड़-बारा लोकसभा सीट से भाजपा टिकट पर देश की सबसे बड़ी पंचायत में जाने की तैयारी में हैं तो राजसमंद सीट से महिमा कुमारी को मैंदान में उतारा है। महिमा कुमारी मेवाड़ राजघराने के विश्वराज सिंह की पत्नी हैं।

2024 में कमल खिलाएंगी परनीत कौर

पटियाला राजघराने की परनीत कौर इस बार भाजपा का कमल खिलाने का जिम्मा लिया है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी कौर पटियाला से भाजपा उम्मीदवार हैं। उधर कांग्रेस ने सारंगढ़ रियासत से आने वाली डॉ मेनका देवी को छत्तीसगढ़ की रायगढ़ सीट जीतने की जिम्मेदारी दी है तो शहडोल राजघराने की हिमाद्रि सिंह एक बार फिर भाजपा टिकट पर शहडोल से मैंदान में हैं।

माणिक्य वंश की देबबर्मा भाजपा प्रत्याशी

उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल सीट से भाजपा ने मौजूदा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह को फिर से आजमाने का फैसला किया है। राज्य लक्ष्मी पूर्ववर्ती टिहरी-गढ़वाल साम्राज्य की रानी हैं और लगातार संसद पहुंच रही हैं। इसी प्रकार त्रिपुरा के माणिक्य वंश से ताल्लुक रखने वाली महारानी कीर्ति सिंह देबवर्मा को भाजपा ने त्रिपुरा-पूर्व से उम्मीदवार बनाया है। कीर्ति सिंह देबबर्मा की शादी छत्तीसगढ़ के कवर्धा राजपरिवार में हुई है। सूत्रों की मानें तो भाजपा छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयनराजे भोंसले को सतारा सीट से तो कांग्रेस विक्रमादित्य सिंह को मंडी सीट से उम्मीवार बनाने की तैयारी में है।

Tags:    

Similar News