आधार से नागपुर में बचा 10 हजार मैट्रिक टन अनाज

आधार से नागपुर में बचा 10 हजार मैट्रिक टन अनाज

Tejinder Singh
Update: 2018-03-21 13:11 GMT
आधार से नागपुर में बचा 10 हजार मैट्रिक टन अनाज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राशनकार्ड को आधारकार्ड से जोड़ने के चलते नागपुर शहर में जनवरी 2018 तक 6078.65 मेट्रिक टन गेंहू और 4197.03 मेट्रिक टन चावल की बचत हुई है। अन्न नागरिक आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण मंत्री गिरीष बापट ने विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। भाजपा के अतुल भातखलकर द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री बापट ने बताया कि जल्द ही चरणबद्ध तरीके से राज्य के सभी हिस्सों में राशनकार्ड को आधार से जोड़ दिया जाएगा। इसके अलावा 18 मई 2016 को सरकार ने तीन साल में सार्वजनिक वितरण व्यवस्था पूरी तरह कंप्यूटरीकृत करने को मंजूरी दी है। इसके लिए 264 करोड़ 86 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।  

रामटेक में स्पोर्ट कॉमप्लेक्स के लिए एक करोड़

रामटेक और पारशिवनी में क्रीडा संकुलों (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) के निर्माण के लिए एक-एक करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में क्रीडा मंत्री विनोद तावडे ने यह जानकारी दी। भाजपा के डी मल्लिकार्जुन रेड्डी द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री तावडे ने बताया कि आवंटित निधी सार्वजनिक निर्माणकार्य विभाग को दे दी गई है। जल्द ही विभाग बहुउद्देश्यीय हॉल और व्यायामशाला बनाने का काम शुरू हो जाएगा।

नागपुर विवि के 31 लाख रुपए वापस 

फर्जी धनादेश (चेक) के जरिए राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय से ठगे गए 31 लाख 66 हजार 309 रूपए बैंक ने वापस कर दिए हैं। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने यह जानकारी दी। भाजपा के बंटी भांगडिया, समीर कुणावार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री तावडे ने बताया कि मामले में गलती बैंक की थी इसलिए उसने रकम वापस कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर छानबीन कर रही है।

गन्ना मजदूरों के बच्चों के लिए शिक्षा की व्यवस्था 

गन्ना मजदूरों के छह से 14 साल के बच्चों को शिक्षा का अधिकार कानून के तहत नजदीकी स्कूलों में दाखिला देकर उनकी शिक्षा की व्यवस्था की जाती है। इन बच्चों के लिए मौसमी स्कूल शुरू करने का प्रावधान नहीं है। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने यह जानकारी दी। कांग्रेस के अब्दुल सत्तार, वर्षा गायकवाड, यशोमति ठाकुर आदि सदस्यों के सवाल के जवाब में मंत्री तावडे ने बताया कि इन बच्चों के लिए मौसमी छात्रावास की व्यवस्था की गई है।  
 

Similar News