मंत्री मुंडे पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली बॉलीवुड सिंगर को आए धमकी भरे 200 फोन कॉल

मंत्री मुंडे पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली बॉलीवुड सिंगर को आए धमकी भरे 200 फोन कॉल

Tejinder Singh
Update: 2021-01-15 13:16 GMT
मंत्री मुंडे पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली बॉलीवुड सिंगर को आए धमकी भरे 200 फोन कॉल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सामाजिक न्यायमंत्री धनंजय मुंडे पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली बॉलीवुड सिंगर रेणू शर्मा के वकील रमेश त्रिपाठी ने दावा किया है कि उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में त्रिपाठी ने दावा किया कि दो दिनों में उन्हें अनजान नंबरों से धमकी देने के लिए 200 से ज्यादा बार फोन किए जा चुके हैं। साथ ही लगातार धमकी भरे संदेश भी भेजे जा रहे हैं। 

आए धमकी भरे 200 फोन कॉल

एडवोकेट त्रिपाठी ने कहा कि उनकी और उनकी मुवक्किल की जान को खतरा है। इसकी शिकायत उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर,नई मुंबई पुलिस कमिश्नर और गृहमंत्री से की है। उन्होंने कहा कि धनंजय मुंडे के उनकी पत्नी और पीड़िता से चल रहे विवादों को इस मामले से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, दोनों मामले अलग हैं। त्रिपाठी के मुताबिक उनकी मुवक्किल ने पहले मामले की शिकायत इसलिए नहीं की क्योंकि उसे शादी और बॉलीवुड में करियर बनाने का झांसा देने के साथ रिकॉर्ड किए गए आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई थी। जब उसे लगा कि अब उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, तो उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। 

त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पुलिस भी मामले को दबाने में जुटी है। गुरूवार को साढ़े चार घंटे पुलिस स्टेशन में बिठाए रखने के बाद आधा अधूरा बयान दर्ज किया गया है। पीड़िता को शुक्रवार को फिर बयान दर्ज करने बुलाया गया था लेकिन वे कुछ कारणों से नहीं जा पाईं।

हनी ट्रैप के आरोपों पर देंगी सफाई 

वकील त्रिपाठी ने कहा कि उनके मुवक्किल पर पूर्व विधायक व भाजपा नेता कृष्णा हेगडे, मनसे नेता मनीष धुरी और रिजवान शेख नाम के शख्स द्वारा हनी ट्रैप के लगाए जा रहे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। वे खुद शनिवार को मीडिया से बातचीत करेंगी और पूरे मामले का खुलासा करेंगी। त्रिपाठी ने कहा कि रिजवान जब मेरी मुवक्किल का पीछा करता था तब वह बेरोजगार था। ऐसे व्यक्ति को कोई फंसाकर क्या हासिल कर सकता है। त्रिपाठी ने कहा कि अगर पुलिस से उनके मुवक्किल को न्याय नहीं दिया और शिकायत नहीं दर्ज की तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। 
 

Tags:    

Similar News