खेलते समय तीसरी मंजिल से गिरा 3 साल का मासूम, बाल-बाल बची जान 

खेलते समय तीसरी मंजिल से गिरा 3 साल का मासूम, बाल-बाल बची जान 

Bhaskar Hindi
Update: 2019-10-21 07:50 GMT

ऐन वक्त पर घर के नीचे से गुजरे रिक्शे में अटका, सीसीटीवी में कैद हुआ घटनाक्रम 

डिजिटल डेस्क टीकमगढ़ । जा को राखे साईंया, मार सके न कोय। यह पंक्तियां शहर में उस वक्त चरितार्थ हो गईं, जब तीसरी मंजिल से गिरा 3 साल का मासूम सुरक्षित बच गया। जब करीब 35 फीट की ऊंचाई से बच्चा गिरा तो परिजनों के होश उड़ गए। वे दौड़कर नीचे भागे। जब देखा कि बच्चा सुरक्षित है तो सबकी जान में जान आई। परिजनों ने बच्चे को सीने से लगा लिया। इसके बाद जब मकान के पास लगे सीसीटीवी में पूरा घटनाक्रम देखा तो सबके होश उड़ गए। 
एक खरोंच तक नहीं आई बच्चे को
दरअसल, शहर के प्रधानपुरा मोहल्ले में 3 वर्षीय पर्व पिता आशीष जैन अपने मकान में खेल रहा था। खेलते-खेलते परिजनों की आंखों से बचकर वह तीसरी मंजिल की छत पर जा पहुंचा। इसी दौरान करीब 35 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। इसी दौरान मकान के ठीक नीचे से रिक्शा चालक निकला। तीसरी मंजिल से पर्व सीधे रिक्शा की सीट पर जाकर गिरा। पूरे घटनाक्रम में बच्चे को एक खरोंच तक नहीं आई। वे दौड़कर नीचे भागे। यहां आकर देखा कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। उसे देखकर परिवार वालों ने राहत की सांस ली। इसके बाद परिजन तत्काल पर्व को जिला अस्पताल ले गए। जहां उसका मेडिकल चैकअप कराया। परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है। 
भगवान बनकर आया रिक्शा चालक 
तीसरी मंजिल से गिरने के बाद अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजनों ने कहा कि 55 वर्षीय रिक्शा चालक मनोहर भट्?ट उनके लिए भगवान बनकर आए। प्रधानपुरा मोहल्ला निवासी डिस्पोजल विक्रेता आशीष जैन ने बताया कि रोज की तरह दोपहर करीब 4.30 बजे अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे, तभी बेटा पर्व खेलते हुए अचानक घर की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंच गया। छत की रैलिंग पर खेलते समय वह फिसल गया। भगवान का शुक्र है कि ऐनवक्त पर रिक्शा चालक नीचे से गुजरा। पर्व सीधे उसकी सीट पर गिरा। जिससे वह पूरी तरह सुरक्षित है। परिजनों ने रिक्शा चालक को धन्यवाद देकर उसकी खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
 

Tags:    

Similar News