नागपुर में कोरोना के 7771 नए मरीज, 5130 हुए डिस्चार्ज

नागपुर में कोरोना के 7771 नए मरीज, 5130 हुए डिस्चार्ज

Tejinder Singh
Update: 2021-04-25 13:15 GMT
नागपुर में कोरोना के 7771 नए मरीज, 5130 हुए डिस्चार्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। चार दिन के बाद पांचवे दिन संक्रमितों के आंकड़ों में बढ़ोतरी नहीं हुई। शनिवार को ही संक्रमितों का आंकड़ा 8 हजार के आंकड़े से एक अंक दूरी पर था। पिछले 24 घंटे में जिले में 7771 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही 5130 मरीज डिस्चार्ज किए गए। बड़ी संख्या में मरीजों के डिस्चार्ज होने से तेजी से बढ़ती हुई एक्टिव मरीजों की संख्या की गति धीमी हुई है। जिले में रविवार को 24701 नमूनों की जांच की गई। इनमें से मेयो, मेडिकल और एम्स जैसी बड़ी लैब में 1500 के ऊपर नमूनों की जांच की गई। जिसमें अब तक के सबसे अधिक संक्रमित 7999 नए मरीज सामने आए। नए मरीजों में एम्स में 772, मेडिकल में 912, मेयो में 673, नीरी में 114, नागपुर विश्वविद्यालय में 290, निजी लैब में 4645 और एंटीजन में 365 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कुल संक्रमितों की संख्या 374188 हो गई है। रविवार को जिले में 87 लोगों की मौत हुई। इसमें 46 शहर, ग्रामीण में 30 और जिले के बाहर के 11 लोग शामिल हैं। इन्हें मिलाकर जिले में कुल मृतकों की संख्या 6936 हो गई है। रविवार को 5130 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। इनमें होम आइसोलेट मरीज भी शामिल हैं। इसके साथ कुल डिस्चार्ज मरीजों की संख्या 289696 पहुंच गई है। रिकवरी दर 77.42% है। वर्तमान में 77556 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 30489 मरीज ग्रामीण और 47067 शहर के हैं। इनमें से 60724 होम आइसोलेट हैं। 16832 कोविड केयर सेंटर, िनजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।

60 निजी कोविड केयर सेंटर को अनुमति

कोविड अस्पताल के आस-पास होटल या गेस्ट हाउस में बेड उपलब्ध कराने पर कोविड केयर सेंटर बनाया जा सकता है। शहर के हालात बिगड़ने पर मंगल कार्यालय, सभागृह को कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है। शहर में 60 निजी कोविड केयर सेंटर को अनुमति दी गई है, जहां कोविड मरीजों को सशुल्क सेवा दी जा सकती है। मनपा के सूत्रों ने बताया कि, शहर के 8 होटल कोविड केयर सेंटर हैं। विमानयात्रा कर विदेश से लौटने वाले यात्रियों को होटल के कोविड केयर सेंटर में क्वारेंटाइन रखा जाता है। बिना लक्षण वाले पॉजिटिव मरीज, जो सरकारी कोविड केयर सेंटर में नहीं रहना चाहते, उन्हें होटल के कोविड केयर सेंटर में रहने की अनुमति दी जाती है। शहर में 4 सरकारी कोविड केयर सेंटर हैं। वहां सौम्य तथा तीव्र लक्षण वाले मरीजों को रखकर इलाज किया जाता है। बिना लक्षण वाले पॉजिटिव मरीज, जिनके घर में अलग से रहने की सुविधा नहीं है अथवा होम आयसोलेशन नियम तोड़ने वाले मरीजों को सरकारी कोविड केयर सेंटर में रखा जाता है। आमदार निवास, वीएनआईटी, पांचपावली, वनामति सरकारी कोविड केयर सेंटर हैं।

निजी सेंटर में चुकाना पड़ रहा भारी शुल्क

निजी कोविड केयर सेंटर में मरीजों से मनमाना शुल्क वसूल किया जा रहा है। ईश्वर नगर चौक स्थित एक मंगल कार्यालय को कोविड केयर सेंटर में तब्दील किया गया है। वहां मरीज को भर्ती करने से पहले 25 हजार रुपए लिए जा रहे हैं। प्रतिदिन 4,500 रुपए डॉक्टर विजिट तथा बेड के लिए जा रहे हैं। दवा का खर्च मरीज को अपनी जेब से करना है। वहां न वेंटिलेटर है, न ऑक्सीजन की सुविधा है। मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी जाती है।

सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुलेंगे पेट्रोल पंप

शहर के पेट्रोल पंप सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुले रहेंगे। विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने विज्ञप्ति में कहा है कि शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते राज्य सरकार ने सभी आवश्यक सामानों की दुकानें सुबह 7 से 11 बजे तक खोलने के आदेश दिए हैं। इससे सुबह 11 बजे के बाद यातायात बहुत कम हो जाता है। उसी प्रकार पंप पर काम करने वाले कर्मचारी भी संक्रमण के डर से काम पर आने के लिए तैयार नहीं हैं। इस आपात स्थिति में विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने शहर के सभी पेट्रोल पंप सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खोलने का निर्णय लिया है। जब तक लॉकडाउन रहेगा, तब तक पेट्रोल पंप की स्थिति ऐसी ही रहेगी।

 

Tags:    

Similar News