पवित्र नगरी अमरकंटक में बिछी बर्फ की चादर, शीतलहर से कपकपाया जिला

अमरकंटक में तापमान पहुंचा 1 डिग्री सेल्सियस पर, नगरीय क्षेत्रों में नहीं जले अलाव पवित्र नगरी अमरकंटक में बिछी बर्फ की चादर, शीतलहर से कपकपाया जिला

Bhaskar Hindi
Update: 2021-12-19 15:51 GMT
पवित्र नगरी अमरकंटक में बिछी बर्फ की चादर, शीतलहर से कपकपाया जिला

डिजिटल डेस्क अनूपपुर। बीते 2 दिनों से जिले में ठंड का व्यापक असर देखा जा रहा है। दिन में सर्द हवाओं की वजह से ठिठुरन महसूस की जा रही है वही रात का तापमान भी तेजी से नीचे चला गया। रविवार की सुबह अमरकंटक में नर्मदा तट पर बर्फ की चादर देखी गई, वही पूरे जिले में तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई। 12 दिसंबर को जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा 1 सप्ताह के अंदर ही पारा लुढ़क कर अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ठंड के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा, दोपहर में भी लोग गर्म कपड़ों में ही नजर आए, शाम ढलने के बाद से सड़के सुनसान हो गई। लगातार नीचे जा रहे पारे के कारण आगामी दिनों में भी कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना व्यक्त की जा रही है।
पवित्र नगरी में जमी बर्फ
रविवार की सुबह अमरकंटक में स्थित औषधीय पौधे उद्यान के समीप नर्मदा तट के दोनों और बर्फ की सफेद चादर बिछी रही। यही हाल इंदिरा गांधी जनजातीय राष्ट्रीय विश्वविद्यालय का भी रहा। विश्वविद्यालय परिसर में भी ओस की बूंदे ठंड की वजह से जम गई थी। घास पर सफेद चादर बिछी रही। अमरकंटक में दिनभर चली सर्द हवाओं की वजह से सैलानियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। भोर में नर्मदा नदी पर बर्फ की पतली परत भी देखी गई जो सूर्य की किरणों के साथ ही पिघल गई।
जिलेभर का यही हाल
अमरकंटक के साथ ही जिले के दूसरे हिस्सों में भी ठंड का व्यापक असर देखा गया। शनिवार की शाम से चलने वाली सर्द हवाओं की वजह से तापमान में भारी गिरावट आई। यही सिलसिला रविवार की शाम तक जारी रहा। रविवार को तेज धूप होने के बाद भी सर्द हवाओं की वजह से लोग ठंड से बेहाल दिखे, दो पहिया वाहन सवार ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में  देखे गए। शाम ढलते ढलते सड़के सूनी होने लगी और लोग अपने घरों में दुबक गए।
नहीं है अलाव की व्यवस्था
जिले में इस वर्ष किसी भी नगरीय क्षेत्र में नगर परिषद के द्वारा अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। जिला मुख्यालय में भी अलाव नहीं जलने की वजह से शाम को लोग ठंड से परेशान देखे जा सकते हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं रेन बसेरे के समीप भी अलाव की व्यवस्था नहीं होने की वजह से यात्रियों और बेघर लोगों को ठंड परेशान कर रही है। पूर्व के वर्षों में नगरपालिका अनूपपुर के द्वारा अलाव की व्यवस्था की जाती थी किंतु इस वर्ष दिसंबर महीना बीतने को है और अलाव की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
तारीख   अधिकतम    न्यूनतम
12         25            10

13          26             10

14          26              12

15          22               11

16          23               11

17           21                9

18          19                2

19          16                  1
तापमान डिग्री सेल्सियस में

Tags:    

Similar News