आरोपियों ने की थी सलमान के फार्म हाऊस की रेकी, जानकारी जुटाने पंजाब पहुंची मुंबई पुलिस

लारेंस गिरोह से पूछताछ आरोपियों ने की थी सलमान के फार्म हाऊस की रेकी, जानकारी जुटाने पंजाब पहुंची मुंबई पुलिस

Tejinder Singh
Update: 2022-09-18 09:55 GMT
आरोपियों ने की थी सलमान के फार्म हाऊस की रेकी, जानकारी जुटाने पंजाब पहुंची मुंबई पुलिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकाने वाले लारेंस गिरोह के गिरफ्तार सदस्यों से पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के पुलिस अधिकारी पंजाब पहुंच गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने वहां पर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी कपिल पंडित से पूछताछ की है। 

इससे पहले पंडित ने पंजाब पुलिस को बताया था कि उसने अभिनेता सलमान के पनवेल स्थित फार्म हाउस की रेकी की थी। इसके साथ ही वहीं पर सलमान की हत्या को लेकर योजना तैयार की गई थी। इस दौरान आरोपियों ने उस पूरे रास्ते का मुआयना किया था जहां से सलमान की गाड़ी गुजरती थी और गाड़ी की रफ्तार का भी अंदाजा लगाया गया था। इस खुलासे के मद्देनजर मुंबई पुलिस पंजाब गई है। 

मुंबई पुलिस के अधिकारी पंडित से यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने किस तारीख अपने साथियों के साथ फार्म हाउस की रेकी की थी और वह कहां पर किराए के मकान में रुका था। पुलिस को यदि पंडित से पूछताछ के दौरान पर्याप्त सबूत मिलेंगे तो इस मामले को लेकर मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया जाएगा। पंजाब गई मुंबई पुलिस की टीम में क्राईम ब्रांच के यूनिट नौ व हफ्ता वसूली निरोधक प्रकोष्ठ के अधिकारी शामिल हैं। 

गौरतलब है कि गायक मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब पुलिस ने आरोपी पंडित व उसके साथियों को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह नेपाल भागने की तैयारी कर रहे थे। पंडित व अन्य आरोपियों ने पंजाब पुलिस को बताया था कि उन्होंने सलमान के फार्म हाउस से जुड़े स्टाफ से बात कर खुद को सलमान का प्रशंसक बताया था। ताकि स्टाफ से दोस्ती बढाई जा सके और इस बात का पता लगाया जा सके कि सलमान कब किनके साथ आते-जाते हैं। 

 

Tags:    

Similar News