बारिश के बाद सर्द हवाओं ने घेरा, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री का फर्क

बारिश के बाद सर्द हवाओं ने घेरा, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री का फर्क

Anita Peddulwar
Update: 2019-12-27 04:42 GMT
बारिश के बाद सर्द हवाओं ने घेरा, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री का फर्क

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  संतरानगरी वैसे तो भीषण गर्मी के लिए जानी जाती है लेकिन इस बार कड़ाके की ठंड से शहरवासी परेशान नजर आ रहे हैं। बारिश के बाद हवा का रुख बदलने से अचानक ठंड बढ़ गई है। नागपुर का दिन का अधिकतम पारा 24 घंटे के अंदर 9 डिग्री तक गिर गया है। अलग-अलग दिशा से आ रही हवा व नमी के कारण  नागपुर समेत विदर्भ के कई जिलों में बारिश हुई। गुरुवार को शहर सहित नागपुर के आसपास सुबह से ही कोहरे के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया। गुरुवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। शुक्रवार की सुबह  गुनगुनी धूप में लोग राहत पाते देखे गए। 

ऐसा बहुत कम होता है
बहुत कम ऐसा होता है कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में महज 2 डिग्री तक का फासला होता है। गुरुवार को पूरे विदर्भ में नागपुर ही ऐसा रहा, जहां अधिकतम व न्यूनतम तापमान में केवल 1.2 डिग्री का फासला रहा। अधिकतम तापमान बहुत ज्यादा गिरने से ठंड बढ़ी है। अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.6 यानी महज 1.2 डिग्री का फासला रहा।  

दर्ज की गई 9.6 एमएम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अचानक हवा की दिशा बदल गई है। अलग-अलग दिशाआें से हवा आ रही है। अब तक चल रही पश्चिमी हवा ने अपना रूख बदल दिया है। अब मध्य भारत में दक्षिण-पश्चिमी आैर पश्चिमी हवा चल रही है। इसके साथ ही नमी भी बनी हुई है। नागपुर समेत विदर्भ के अधिकांश जिलों में बारिश होने की खबर है। बुधवार को भी रात भर रुक-रुक कर बारिश हुई। अधिकतम तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस तक की कमी के कारण ठंड अचानक बढ़ गई है।  नागपुर में बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक 9.6 एमएम बारिश हुई है। गुरुवार को दिन में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। अचानक ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकले।

सुबह से चल रही सर्द हवा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार को  अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है।   बारिश होने की संभावना कम ही है।  

विमानों की लेटलतीफी जारी
मौसम में खराबी के चलते विमानों में लेत-लतीफी जारी है। गुरुवार को पुणे, दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से आने वाले विमानों में देरी दर्ज की गई। पुणे से आने वाला इंडिगो का विमान क्र. 284 देर रात 2.15 बजे से 1 घंटा, मुंबई से आने वाला गो एयर का विमान क्र. 2601 सुबह 7.55 बजे से 1 घंटा, अहमदाबाद से आने वाला गो एयर का विमान क्र. 731 सुबह 11.55 बजे से 1.30 घंटे, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्र. 5388 दोपहर 1.05 बजे से आधा घंटे देरी से नागपुर विमानतल पर पहुंचा।  दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्र. 201 रात 9.40 बजे से 1 घंटा देरी से नागपुर पहुंचने की जानकारी दी गई।

 

Tags:    

Similar News