बाइक सवार बदमाशों ने युवती से एक लाख रुपए लूटे

बाइक सवार बदमाशों ने युवती से एक लाख रुपए लूटे

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-17 08:08 GMT
बाइक सवार बदमाशों ने युवती से एक लाख रुपए लूटे

डिजिटल डेस्क  जबलपुर। मदन महल थाना अंतर्गत लिंक रोड पर  दो बाइक सवार चार बदमाशों ने एक स्कूटी चालक युवती से एक लाख रुपए लूट लिए। लूट के पहले लुटेरों ने युवती की गर्दन पर भी हमला किया। इसके बाद युवक भाग निकले। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि कटंगा निवासी 27 वर्षीय नूरी ओसीन किश्तों में मोबाइल बेचने का काम करती है। शुक्रवार रात नूरी संजीवनी नगर क्षेत्र से कलेक्शन करने के बाद अपनी स्कूटी से लिंक रोड होते हुए नौदराब्रिज जा रही थी। उसने रुपयों से भरा बैग अपने कंधे पर टांगा हुआ था। रात लगभग 8.46 बजे नूरी जैसे ही लिंक रोड पर पहुंची। दो बाइक में चार युवक उसके पीछे से पहुंचे। एक बाइक में तीन युवक थे, दूसरी बाइक एक युवक चला रहा था। एक युवक ने पीछे से उसकी गर्दन पर हमला किया। इससे वह लडख़ड़ा गई। इसके बाद युवकों ने उसके कंधे पर टंगा बैग लूट लिया। लूट के बाद युवक स्नेह नगर की तरफ भाग निकले। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस -
 घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली सीएसपी सीताराम यादव और मदन महल टीआई सुनील नेमा मौके पर पहुंच गए। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लिंक रोड पर स्थित घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस को अभी सफलता नहीं मिली है।  
युवकों पर चाकू से हमला- गोहलपुर थाना अंतर्गत मिलौनीगंज रामलीला मैदान में दो बाइकों में हुई टक्कर के बाद बवाल हो गया। चार युवकों ने मिलकर दो युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। घायल युवकों को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बड़ी खेरमाई निवासी आशीष रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गुरुवार रात वह बाइक से अपने दोस्त टंटू के साथ दमोहनाका से मिलौनीगंज की तरफ जा रहा था। रामलीला मैदान के पास सड़क के बीच खड़ी गाय को बचाने के लिए उसने अचानक ब्रेक मारा। पीछे बाइक से आ रहे कृष्णकुमार और रॉबिन ने बाइक से उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। बाइक से टक्कर लगने के बाद रॉबिन और आशीष के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान कृष्ण कुमार, रॉबिन और उसके दो साथियों ने आशीष और टंटू के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद उन्होंने चाकू से आशीष और टंटू पर दनादन वार कर दिए।
गंभीर हालत में दोनों युवकों को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पी-3  

 

Similar News