18 में 16 सीटों पर जीत : बुटीबोरी नगरपरिषद पर भाजपा का एकतरफा कब्जा

18 में 16 सीटों पर जीत : बुटीबोरी नगरपरिषद पर भाजपा का एकतरफा कब्जा

Tejinder Singh
Update: 2019-06-25 05:16 GMT
18 में 16 सीटों पर जीत : बुटीबोरी नगरपरिषद पर भाजपा का एकतरफा कब्जा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बुटीबोरी नगरपरिषद चुनाव में भाजपा-सेना युति ने जोरदार जीत दर्ज की है। नगरपरिषद की 18 में से 16 सीटों पर भाजपा-सेना युति ने कब्जा जमाया। राष्ट्रवादी कांग्रेस 2 सीटें जीतने में सफल रही, जबकि कांग्रेस-बसपा गठबंधन का खाता तक नहीं खुल पाया। अध्यक्ष पद पर भी भाजपा के राजेश (बबलू) गौतम ने 6947 वोट लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस के रामनारायण (बल्लू) दशरथ श्रीवास (3860) को हराया। कांग्रेस के जाकिर (बाबू) सलाम पठान (3024) तीसरे नंबर पर रहे। बुटीबोरी नगरपरिषद के लिए यह पहला चुनाव था। ऐसे में बबलू गौतम ने पहले अध्यक्ष होने का सम्मान अपने नाम किया। जीत के बाद भाजपा-सेना कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशे और अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया। 

9 टेबल पर मतगणना

बुटीबोरी नप चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ था। नगराध्यक्ष पद सहित 9 प्रभाग के 18 नगरसेवकों के चुनाव के लिए 23,660 मतदाताओं में से 14,757 मतदाताओं ने (62.10%) अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। सोमवार को बुटीबोरी के किशोर वानखेडे सभागृह में सुबह 11 बजे से मतगणना की शुरुआत हुई। 9 टेबल पर मतगणना हुई। कुछ ही देर में नतीजे आ गए। 

भाजपा-सेना युति को इसका फायदा 

कांग्रेस-बसपा गठबंधन का खाता नहीं खुलने से सभी हैरान दिखे। नगराध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और राकांपा में त्रिशंकु संघर्ष था। भाजपा और सेना की युति थी। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के स्वतंत्र लड़ने से भाजपा-सेना युति को इसका फायदा मिला। 18 में से 16 सीटों पर कब्जा किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस सिर्फ दो जगहों पर जीत पाई। कांग्रेस एक भी सीट जीत नहीं पाई। विशेष यह कि कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुजीब पठान के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा। उनके भाई बाबू पठान नराध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। भाजपा की ओर से पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक समीर मेघे ने मोर्चा संभाल रखा था। सेना से युति करने से लेकर उम्मीदवार घोषित करने तक दोनों का नियोजन रहा। कांग्रेस और राकांपा एक साथ लड़े, इसके लिए जिले के किसी नेता ने पहल नहीं की। अंतत: दोनों को करारी हार झेलनी पड़ी।

प्रभाग से ये रहे विजेता

प्रभाग 1 (अ ) संध्या आंबटकर, भाजपा    (ब) विनोद लोहकरे, भाजपा
प्रभाग 2(अ) रेखा चटप, भाजपा              (ब) उदयसिंग चौहान, भाजपा
प्रभाग 3(अ) पुष्पा काले, राकांपा             (ब) संखपालसिंग दीक्षित, राकांपा
प्रभाग 4(अ) विद्या दुधे, शिवसेना,          (ब) सरफराज शेख, शिवसेना
प्रभाग 5(अ) अर्चना नगराले, भाजपा,       (ब) अनिस बावला, भाजपा 
प्रभाग 6(अ) अरविंद जैस्वाल, भाजपा,     (ब) सुनीता जेवुरकर, भाजपा
प्रभाग 7(अ) मंदार वानखेडे, भाजपा,       (ब) रूपाली टेकाडे, भाजपा
प्रभाग 8(अ) नंदा सोनवणे, शिवसेना,      (ब) अविनाश गुर्जर, भाजपा
प्रभाग 9(अ) मनोज ढोके, शिवसेना         (ब) वीणा ठाकरे, भाजपा

नगराध्यक्ष पद के लिए

भाजपा-सेना युति के राजेश (बबलू) गौतम को 6947, कांग्रेस-बसपा गठबंधन के जाकिर (बाबू) पठान को 3024, राकांपा के रामनारायण (बल्लू) दशरथ श्रीवास को 3860, निर्दलीय तुषार डेरकर को 1269, निर्दलीय डॉ. मुकेश कापसे को 153, निर्दलीय राजेंद्र भालेराव को 117, निर्दलीय मंगेश वनार्से को 79

कामठी नप में तीसरी बार महिला बनीं उपाध्यक्ष

उधर कामठी नगर परिषद में कांग्रेस को सत्ता संभाले हुए यह तीसरा वर्ष चालू है। पहले और दूसरे साल कांग्रेस के दो नगरसेवकों ने उपाध्यक्ष पद का पदभार संभाला था। अब तीसरे वर्ष में जनता द्वारा चुने गए कांग्रेस के नप अध्यक्ष मो. शाहजहां शफाअत अंसारी ने सभी नगरसेवकों के समक्ष ईश्वर चिट्ठी निकाली, जिसमें नगरसेविका शाहेदा कलीम अंसारी का नाम निकला। अब दो पुरुष उपाध्यक्ष के बाद कामठी नगर परिषद में तीसरी बार महिला उपाध्यक्ष बनीं हैं। 2017 में कामठी नगर परिषद के चुनाव हुए थे। यह पहला मौका था कि, नगराध्यक्ष का सीधा चुनाव जनता द्वारा किया जाना था। जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताते हुए नप की सत्ता और तिजोरी कांग्रेसियों के हाथों सौंप दी थी। इस बार उपाध्यक्ष पद की दौड़ में अहफाज ठेकेदार, वैशाली मानवटकर और शाहेदा कलीम अंसारी थीं लेकिन, जैसा कि नप अध्यक्ष ने बताया था कि, ईश्वर चिट्ठी से ही तीसरे उपाध्यक्ष का फैसला किया जाएगा। ठीक उसी प्रकार सोमवार को सबके समक्ष ईश्वर चिट्ठी निकाली गई, जिसमें प्रभाग क्रमांक 7 (अ) की नगरसेविका शाहेदा कलीम को उपाध्यक्ष पद के लिए चुन लिया गया। इससे भारी उत्साहित अहफाज ठेकेदार और वैशाली मानवटकर को थोड़ी मायूसी हुई लेकिन, अब दो साल का कार्यकाल शेष होने से अगले चरण में इन्हेें मौका दिया जाएगा। सोमवार को नप अध्यक्ष कक्ष में हुई इस प्रक्रिया में कांग्रेस गट के सभी पार्षदों ने हर्ष से शाहेदा कलीम अंसारी का स्वागत किया। नप अध्यक्ष मो. शाहजहां तथा सभी लोगों ने नप उपाध्यक्ष का हार, पुष्पगुच्छ देकर स्वागत कर मिठाई बांटी। 

गोंडेगांव ग्रापं वार्ड नं. 4 के उपचुनाव में मधुमटके विजयी

इसके अलावा गोंडेगांव ग्राम पंचायत के वार्ड नं. 4 में रिक्त सदस्य पद के उपचुनाव रविवार को हुए। सोमवार को मतगणना में कुणाल मधुमटके ने 233 वोट प्राप्त किए। वहीं कमलेश गजभिये ने 211 वोट हासिल किए। इस उपचुनाव में मधुमटके ने गजभिये को 22 वोटों से पराजित कर दिया। विजयी उम्मीदवार कुणाल मधुमटके का गोंडेगाव ग्राम पंचायत कार्यालय में पुष्पगुच्छ देकर व मिठाई बांटकर सत्कार किया गाया। बता दें कि, ग्रापं सदस्य विनोद सोमकुवर की हत्या की गई थी। उनकी हत्या के बाद से यह पद रिक्त था। गोंडेगांव ग्राम पंचायत में सरपंच के अलावा 10 सदस्यों की संख्या है। रविवार को हुए उपचुनाव में 925 मतदाताओं में से 453 मतदाताओं ने याने मात्र 48.49 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

Tags:    

Similar News