अब रौनक : इस माह 4 ग्रहों की चाल में बदलाव, जानिए - ज्वेलरी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में क्या होगा खास

अब रौनक : इस माह 4 ग्रहों की चाल में बदलाव, जानिए - ज्वेलरी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में क्या होगा खास

Tejinder Singh
Update: 2020-10-11 09:49 GMT
अब रौनक : इस माह 4 ग्रहों की चाल में बदलाव, जानिए - ज्वेलरी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में क्या होगा खास

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अक्टूबर में चार ग्रहों की चाल बदलने जा रही है। ज्योतिषियों का दावा है कि कोरोना के मामलों में धीरे-धीरे कमी आएगी और 6 माह से ठप पड़े बाजार में तेजी आएगी। नवरात्र से ही इसका असर शुरू हो जाएगा। माह के पहले ही सप्ताह में 4 अक्टूबर को मंगल मीन राशि में आ गए। इसी तरह 14 अक्टूबर को बुध ग्रह तुला राशि में प्रवेश करेंगे। 17 अक्टूबर को नवरात्र के पहले ही दिन सूर्य तुला राशि में होंगे, जो सूर्य की नीच राशि का फल देने वाली मानी जाती है। महीने का अंतिम राशि परिवर्तन शुक्र का होगा। 24 अक्टूबर को वे कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। 

ज्वेलरी- अधिकमास के बाद टूटेगा रिकार्ड

उधर ज्वेलरी खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। शादी-ब्याह के लिए गहनों की अच्छी-खासी खरीदी की संभावना है। इतवारी सोना-चांदी ओल कमेटी के सचिव व सर्राफा व्यापारी राजेश रोकड़े के अनुसार, अधिकमास होने के कारण अभी खरीदी कम हो रही है, इसीलिए दाम स्थिर है, लेकिन नवरात्र से बाजारों में ग्राहकी शुरू हो जाएगी। यहां तक कि सोने के दाम पुराने रिकार्ड तोड़ सकते हैं।  
लाइटवेट ज्वेलरी का क्रेज : आजकल लाइट वेट ज्वेलरी का क्रेज बढ़ा है। युवा वर्ग ज्यादा हैवी ज्वेलरी पहनना पसंद नहीं करते हैं। इसीलिए बाजारों में मिनी मंगलसूत्र की मांग भी अधिक है।

यह होगा असर  : शेयर बाजार, आवासीय सेक्टर में उतार-चढ़ाव दिख सकता है, लेकिन  ऊर्जा के क्षेत्र में उन्नति की भी संभावना है।  मंगल : मंगल का असर प्रॉपर्टी, व्हीकल, धातुओं में तांबे और सोने पर होता है। शुभ प्रभाव से फायदा मिलता है। 

बुध : ग्रह के शुभ प्रभाव से शिक्षा, गणित, लेन-देन, निवेश और बिजनेस में फायदा मिलता है। इसके प्रभाव से फायदेमंद योजनाएं बनती हैं। 

सूर्य : सूर्य ग्रह का असर आत्मविश्वास बढ़ाता है। सम्मान और प्रसिद्धि मिलती है। जॉब और िबजनेस में तरक्की भी मिलती है। 

शुक्र : इनका प्रभाव इनकम, खर्च, शारीरिक सुख-सुविधाएं, शौक और भोग विलास पर होता है। लोग पैसे खर्च करने आगे आएंगे।    

ऑटोमोबाइल- 20% ज्यादा बिक्री का अनुमान

ऑटोमोबाइल सेक्टर की मानें तो उम्मीद के मुताबिक नए दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग आनी शुरू हो गई हैं। पिछले साल में अक्टूबर माह के मुकाबले इस साल वाहनों की बिक्री में 20 प्रतिशत तक का उछाल आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सितंबर में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में 9.81% की बढ़त रही है। फाडा के मुताबिक इस साल पहली बार ऐसा हुआ है, जबकि कारों की बिक्री में पॉजिटिव ग्रोथ है। रिटेल सेल में वृद्धि की वजह फेस्टिव सीजन और देश का लगभग पूरी तरह से अनलॉक होना है। वहीं, कोरोना के चलते लोगों ने सार्वजनिक यातायात के बजाय पर्सनल व्हीकल को वरीयता दिया है।

दोपहिया की मांग बढ़ी : संक्रमण से बचने के लिए लोग अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग कम कर रहे हैं। इसका असर सीधे तौर पर दोपहिया वाहनाें की बिक्री पर पड़ा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के विक्रेता अक्षित नांगिया ने दोपहिया वाहनों की बिक्री में पिछले साल के अक्टूबर माह के मुकाबले 10 प्रतिशत तक इजाफा होने की संभावना व्यक्त की है।  

कारों की चल रही वेटिंग : चारपहिया वाहनों के डीलर अनुज पांडे ने बताया कि नवरात्र और दीपावली के लिए चारपहिया वाहनों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। ग्राहक शोरूम्स में आ रहे हैं और अपनी पसंदीदा कार की जानकारी ले रहे हैं। उद्योग जगत पटरी पर लौट रहा है।

धीरे-धीरे दूर हो रहा डर, ग्राहकों की संख्या 30 फीसदी तक पहुंची

5 अक्टूबर से होटल व रेस्टोरेंट को क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी गई। कोरोना संक्रमण को लेकर पहले दिन लोगों में झिझक देखी गई, लेकिन धीरे-धीरे ‘सब’ पटरी पर आ रहा है। अब बाजारों में लगभग एक तिहाई रौनक लौट आई है। हालांकि कारोबारियों  को उम्मीद है कि जल्द ही शेष 70 फीसदी लोग सामान्य दिनों की तरह बाजारों का रुख करेंगे। होटल व्यवसायियों का कहना है सुबह-शाम होटल व रेस्टोरेंट परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। सभी स्टाफ को मास्क व सैनिटाइजर के साथ-साथ ग्लब्स का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। 

तेजिंदर सिंह रेणु अध्यक्ष रेजिडेंशियल होटल्स एसोसिएशन के मुताबिक अब बाजार तथा हर एक सर्विस नॉर्मल हो चुकी है, तो इसमें भी ज्यादा समय नहीं लगेगा। मुझे लगता है कि इस माह तक अच्छा रिस्पांस मिलने लगेगा। हालांकि लॉजिंग-बोर्डिंग होटल्स को पटरी में आने के लिए 1 या 2 वर्ष का समय लग सकता है। लॉकडाउन के दौरान रेस्टोरेंट्स के नुकसान की बात करें तो लगभग 1 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है।  

होटल व्यवसायी विष्णु मनोहर पहले दिन जब हमने ओपन किया तो 45 लोगों की बुकिंग आई। अभी एवरेज 25 से 30 लोग आ रहे हैं। लगता है कि यह परिस्थिति लगभग 1 महीने में सामान्य की ओर लौटेगी।  पार्सल में अभी रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है। हमारे यहां कोरोना संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।  

 

Tags:    

Similar News