विषाक्त दही खाने से 6 बच्चे हुए बीमार, फेरी वाले से लिया था दही

विषाक्त दही खाने से 6 बच्चे हुए बीमार, फेरी वाले से लिया था दही

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-23 12:00 GMT
विषाक्त दही खाने से 6 बच्चे हुए बीमार, फेरी वाले से लिया था दही

डिजिटल डेस्क, छिन्दवाड़ा/ पांढुर्ना। ग्राम कोकाढाना-भटेवाड़ी में विषाक्त दही खाने से 6 बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए। बच्चों को तत्काल पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विभिन्न परिवार के सदस्यों यह दही फेरी लगकार दही बेचने वाले व्यक्ति से लिया था। दही का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।  

चार परिवार के बच्चों की हालत बिगड़ी-
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह ग्राम कोकाढाना-भटेवाड़ी में दही खाने के बाद चार परिवारों के छह बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों की बिगड़ी हालत को देख आशा फेसीलेटर ने तत्काल 108 पर सूचना दी, जिसके बाद सभी बच्चों को उपचार के लिए पांढुर्ना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

सरकारी अस्पताल में चल रहा उपचार-
आशा फेसीलेटर वंदना मसतकार ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम कोकाढाना-भटेवाड़ी में चार परिवारों ने एक दही बेचने वाले से दही खरीदा। परिवार के बच्चों ने जब दही खाया तो छह बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टियां करने लगे और उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद 108 पर कॉल किया गया और 108 एंबुलेंस द्वारा मौके पर आकर सभी बच्चों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

ये बच्चे हुए बीमार-
दही खाने से बीमार हुए बच्चों में गांव के दीक्षांत उदाराम परतेती, विराट किशन परतेती, सोनम कमलेश धुर्वे, परी कमलेश धुर्वे, शारदा बाजीराव ईरपाची और वैष्णवी किशन परतेती शामिल है। बच्चों ने जो दही खाया था, आशा फेसीलेटर उस दही का सैंपल भी साथ लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने दही का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। डॉक्टरों के अनुसार दो-तीन दिन पुराना होने से दही दूषित हो गया होगा, जिसको खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उपचार के बाद बच्चों की हालत सामान्य बनी हुई है।

ग्रामीणों में आक्रोश-
घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से संबंधित व्यक्ति से दही ले रहे हैं। उसके द्वारा खराब दही क्यों दिया गया समझ नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित फेरी वाले पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

Tags:    

Similar News