कलेक्टर ने वृद्धजनों के साथ मनाई दीपावली - बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और वस्त्र, फल मिठाई वितरित कर रोपा पौधा

कलेक्टर ने वृद्धजनों के साथ मनाई दीपावली - बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और वस्त्र, फल मिठाई वितरित कर रोपा पौधा

Bhaskar Hindi
Update: 2020-11-16 09:13 GMT
कलेक्टर ने वृद्धजनों के साथ मनाई दीपावली - बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और वस्त्र, फल मिठाई वितरित कर रोपा पौधा

डिजिटल डेस्क जबलपुर । खुशियों और प्रकाश का पर्व दीपावली कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने ऐसे बुजुर्गों के बीच मनाई जिन्हें उनके अपनों ने छोड़ दिया है। सपत्नीक पहुँचकर कलेक्टर ने वृद्धजनों के बीच खुशियाँ बाँटीं। वृद्धाश्रम पहुँचकर उन्होंने वृद्धजनों से आशीर्वाद लिया और उनके हालचाल जाने तथा उनके स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने एवं उनकी पत्नी डॉ. अपूर्वा शर्मा ने अपने हाथों से वृद्धजनों को वस्त्र, फल और मिठाई भी प्रदान की। कलेक्टर ने जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आशीष दीक्षित के साथ वृद्धाश्रम भवन का अवलोकन भी किया और आश्रम परिसर में आम का पौधा भी रोपा।  कलेक्टर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों को जो सम्मान और आदर दिया गया उसे सहेजकर रखने की जरूरत है। उन्होंने वृद्धजनों से कहा कि दीपावली पर अपने घर माता-पिता के पास नहीं जा पाए इसलिए वे उनका आशीर्वाद लेने यहाँ आए हैं। वृद्धाश्रम को प्रकाश के पर्व दीपावली पर खासतौर से सजाया गया था। वृद्धजनों द्वारा जगह-जगह रांगोली डाली गई थी और प्रवेश द्वार को फूलों से सजाया गया था। 

Tags:    

Similar News