यदि सुप्रिया सुले बनतीं सीएम पद का चेहरा, तो बात ही कुछ और ही होती

यदि सुप्रिया सुले बनतीं सीएम पद का चेहरा, तो बात ही कुछ और ही होती

Tejinder Singh
Update: 2019-10-28 12:52 GMT
यदि सुप्रिया सुले बनतीं सीएम पद का चेहरा, तो बात ही कुछ और ही होती

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस नेता आशीष देशमुख ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के पहले राकांपा नेता सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री पद के लिए प्रोजेक्ट किया जाता तो कांग्रेस राकांपा गठबंधन की स्थिति कुछ और होती। सुले मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता के मिले आशीर्वाद से कांग्रेस राकांपा का मनोबल बढ़ा है। इस मनोबल को बढ़ाने के लिए 3 नवंबर को सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में कांग्रेस राकांपा गठबंधन के बड़े नेता मार्गदर्शन करेंगे। श्री देशमुख सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। दक्षिण पश्चिम नागपुर में वे कांग्रेस उम्मीदवार थे। भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस ने 50 हजार के करीब मतों के अंतर से उन्हें पराजित किया है। देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस विधायक के तौर पर भले ही अच्छा कार्य करते रहे है लेकिन मुख्यमंत्री के तौर पर उनका परफार्मंस पिछड़ गया है। उन्हाेंने यह भी कहा कि दक्षिण पश्चिम में चुनाव कार्य के लिए उन्हें कम समय मिला। पहले से उम्मीदवारी तय रहती तो स्थिति कुछ और होती। कांग्रेस बिखरी हुई रहने से भी अधिक नुकसान हुआ है। पहले की तरह अब भी सत्ता से दूर है। लेकिन जनता ने संघर्ष का मौका दिया है। 100 के पार विधायकों की संख्या के साथ कांग्रेस राकांपा ताकतवर विपक्ष की भूमिका निभाने की स्थिति में हैं। जनता ने भले ही कांग्रेस राकांपा को नहीं चुना पर भाजपा शिवसेना की सांप्रदायिक राजनीति को भी साथ नहीं दिया है। कांग्रेस बिखरी रहने के बाद भी लोगों ने कांग्रेस की विचारधारा को साथ दिया है। चूक स्वीकार करके 5 साल तक जनता के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है। 

सत्कार होगा

कांग्रेस व राकांपा के उम्मीदवारों का सत्कार किया जाएगा। सत्कार कार्यक्रम का आयोजन 3 नवंबर 2019 को शाम 5.30 बजे अनुसया मंगल कार्यालय जयताला चौक में किया गया है। श्री देशमुख ने कहा कि विदर्भ में ही देखा जाए तो कांग्रेस राकांपा का प्रदर्शन अच्छा रहा है। पहले से अधिक विधायक जीते हैं। अलग अलग कारणों से निराशा की स्थिति थी। फिर भी जनता ने कांग्रेस राकांपा को साथ दिया है। कई सीटों पर कम मतों के अंतर से कांग्रेस राकांपा गठबंधन के उम्मीदवार पराजित हुए हैं। सत्कार कार्यक्रम का आयोजन मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य के साथ किया जा रहा है। 

Tags:    

Similar News