कांग्रेस ने शिवसेना को बताया सावित्री, कहा- अब भाजपा का मंगलसूत्र गले में बांध लें

कांग्रेस ने शिवसेना को बताया सावित्री, कहा- अब भाजपा का मंगलसूत्र गले में बांध लें

Tejinder Singh
Update: 2018-07-03 12:56 GMT
कांग्रेस ने शिवसेना को बताया सावित्री, कहा- अब भाजपा का मंगलसूत्र गले में बांध लें

डिजिटल डेस्क, नागपुर।   विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटील ने भाजपा की सहयोगी शिवसेना पर जमकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि शिवसेना की भूमिका पौराणिक कथा की पात्र सावित्री जैसे है। सावित्री ने पति की जान बचाई थी। शिवसेना के कारण ही राज्य सरकार बची हुई है। शिवसेना ने भाजपा का मंगलसूत्र अपने गले में पहन लेना चाहिए। बुधवार से नागपुर में आरंभ हो रहे विधानमंडल की पूर्व संध्या पर विपक्ष की पत्रकार वार्ता में पाटील ने राज्य सरकार को सभी मामले में विफल ठहराते हुए नेता कहा कि वे पहले भी शिवसेना की भूमिका पर प्रश्न उठाते रहे हैं। 

शिवसेना 212 से अधिक बार सत्ता से बाहर जाने की चेतावनी दे चुकी है। विधानमंडल के भीतर व बाहर शिवसेना कई बार सरकार के विरोध में भूमिका अपनाने लगती है। अपमान पर अपमान सहे जाती है। नाणार परियोजना मामले में ही देखें तो शिवसेना ने ही सबसे पहले कहा कि नाणार जाएगा। नाणार तो नहीं गया शिवसेना की आबरु चली गई। बार बार कहती है पर शिवसेना इस्तीफा नहीं देती है। नेता प्रतिपक्ष ने चुटकी लेते हुए कहा कि पहले वे शिवसेना को सरकार की विरोधी दर्शाते थे, लेकिन वह सोच ठीक नहीं थी। हाल ही में वटपूजा की गई। पति से कई बार विवाद करने व घर छोड़कर चले जाने की धमकियां देकर भी पत्नी वटपूजा में पत्नी की लंबी उम्र की कामना करती है।

पति की पूजा भारतीय संस्कृति में शामिल है। सावित्री ने पति के प्राण यमराज से वापस लिए थे। राज्य सरकार की जान तो पहले ही चले गई थी। उसे शिवसेना ने ही बचाया। लिहाजा शिवसेना ने भाजपा के नाम का मंगलसूत्र गले में पहन लेना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने 4 वर्षोें में स्वयं को क्लीन चिट देने का रिकार्ड बनाया है। वह स्वयं को क्लीनचिट दिए जा रही है। सरकार पहले ही एक्सपायरी डेट लेकर आयी है। 2019 के पहले ही यह सरकार जा सकती है। 

Similar News