घोर लापरवाही : डॉक्टरों ने पेट में छोड़ी सुई, दोबारा ऑपरेशन पर थमा दिया बिल

घोर लापरवाही : डॉक्टरों ने पेट में छोड़ी सुई, दोबारा ऑपरेशन पर थमा दिया बिल

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-16 11:33 GMT
घोर लापरवाही : डॉक्टरों ने पेट में छोड़ी सुई, दोबारा ऑपरेशन पर थमा दिया बिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई ऑपरेशन के दौरान एक महिला के पेट में डाक्टरों ने सुई छोड़ दी। डॉक्टरों की लापरवाही के चलते महिला को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है। अस्पताल प्रशासन महिला और उसके परिवार से माफी मांगने के बजाए दोबारा हुए ऑपरेशन का बिल चुकाने के लिए धमकी दे रहा है। महिला के परिवार का आरोप है कि, इसकी शिकायत पुलिस से करने पर अस्पताल प्रबंधन पीड़ित परिवार को मदद करने की बजाए धमकी देकर परेशान कर रहा है।

क्या है मामला ?
दरअसल 25 सितंबर को फातिमा शेख नाम की महिला की ओशिवरा इलाके में स्थित मिल्लत अस्पताल में प्रसूति हुई थी। प्रसूति (सिजेरियन) के जरिए हुई।  फातिमा को कुछ दिनों बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लेकिन घर जाने के बाद भी फातिमा ने महसूस किया कि उन्हें दर्द हो रहा है। शुरुआत में डॉक्टरों ने कहा, ऑपरेशन के बाद ऐसा होता है। परेशानी बढ़ने लगी तो फातिमा की जांच की गई। जांच में पता चला कि, डॉक्टरों की लापरवाही से ऑपरेशन के दौरान उनके पेट में टांका लगाने की सुई छूट गई है। इसके बाद फातिमा का दोबारा ऑपरेशन किया गया।

अस्पताल प्रशासन ने दोबारा हुए ऑपरेशन के लिए 45 हजार रुपए का बिल थमा दिया। महिला के रिश्तेदार रफीक ने बताया, अस्पताल ने प्रसूति के लिए पहले ही 22 हजार रुपए वसूले थे। परिवार ने इसका विरोध किया। रफीक के मुताबिक, डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें धमकी दी कि उनके पुलिस वालों और बड़े लोगों से संबंध हैं इसलिए वे राशि वसूल कर रहेंगे। बाद में परिवार ने ओशिवरा पुलिस से मामले की शिकायत की तो पुलिस ने परिवार से कहा कि वे सिर्फ 10 हजार रुपए भरकर मरीज को घर ले जाएं। आखिरकार परिवार को 10 हजार रुपए भरने बड़े। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों का पक्ष जानने की कोशिश नाकाम रही।

Similar News