विधानसभा अध्यक्ष चुनाव ध्वनिमत से कराने की सिफारिश पेश, फडणवीस बोले - यह है महाराष्ट्र की सबसे असुरक्षित सरकार

विपक्ष ने जताई आपत्ति विधानसभा अध्यक्ष चुनाव ध्वनिमत से कराने की सिफारिश पेश, फडणवीस बोले - यह है महाराष्ट्र की सबसे असुरक्षित सरकार

Tejinder Singh
Update: 2021-12-22 15:49 GMT
विधानसभा अध्यक्ष चुनाव ध्वनिमत से कराने की सिफारिश पेश, फडणवीस बोले - यह है महाराष्ट्र की सबसे असुरक्षित सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा की विधायी नियमों की समिति ने सिफारिश की है कि अध्यक्ष पद का चुनाव गुप्त मतदान के बजाय ध्वनि मत के जरिए कराया जाए। राज्य विधान मंडल शीतकालीन सत्र के पहले दिन बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने समिति की रिपोर्ट सदन में पेश की। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव गुप्त मतदान की जगह ध्वनिमत से करने और आपत्तियों और सुधार के लिए नोटिस की समय सीमा 10 दिन से घटाकर एक दिन करने का विधायी नियमों की समिति का प्रस्ताव विपक्ष के रास नहीं आया। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने सरकार पर हमला बोलते हुए उसे राज्य के 60 साल के इतिहास की अब तक की सबसे असुरक्षित सरकार बताया। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक पृथ्वीराज चव्हाण ने विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव संबंधी नियम समिति की अंतरिम रिपोर्ट विधानसभा में पेश की। नए नियमों के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव ध्वनिमत से हो सकेगा। इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए फडणवीस ने कहा कि जिस सरकार के पास 170 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया जाता है, वह सरकार विस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर खुद के बहुमत पर विश्वास क्यों नहीं करती। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चुनाव हार भी जाती है तो भी सरकार नहीं गिरेगी। इसी लिए अध्यक्ष के चुनाव के लिए कोई व्हिप नहीं है। सत्ता पक्ष ने नियमों में बदलाव किया है उस पर विचार के लिए सुधार नोटिस की समय सीमा 10 दिन से घटाकर एक दिन कर दी गई है यह ठीक नहीं है।

अपने विधायको पर भरोसा नहीं

फडणवीस ने कहा हमने महाराष्ट्र के इतिहास में इतनी असुरक्षित सरकार कभी नहीं देखी, जो अपने ही विधायकों पर भरोसा न करे। महाराष्ट्र विधानसभा की स्थापना के बाद से चली आ रही प्रथा को बदलने की जिद क्यों? यदि आप इस मामले पर आगे बढ़ेंगे तो हम कानूनी रूप से अपनी लड़ाई लड़ेंगे। भाजपा के सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि सरकार विपक्ष से बातचीत कर आपसी सहमति से अध्यक्ष का चुनाव कर सकती थी फिर उसने चुनाव का रास्ता क्यों चुना। विपक्षी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर मतदान की मांग की लेकिन इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इससे नाराज विपक्ष ने वाक आउट किया। 

विस तालिका अध्यक्ष की नियुक्ति


शीतकालीन सत्र के लिए पांच तालिका अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। विधानसभा उपाध्यक्ष नरहरि झिरवाल ने तालिका अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। भास्कर जाधव, संजय शिरसाट, बालासाहेब पाटील, कुणाल पाटील और कालीदास कोलंबकर का चयन तालिका अध्यक्ष के रुप में किया गया है।

 

Tags:    

Similar News