कुठाराघात - सिटी कोषालय होगा बंद , 24 कर्मचारियों का जिला कोषालय व अन्यत्र किया जाएगा स्थानांतरण

कुठाराघात - सिटी कोषालय होगा बंद , 24 कर्मचारियों का जिला कोषालय व अन्यत्र किया जाएगा स्थानांतरण

Bhaskar Hindi
Update: 2021-02-20 09:18 GMT
कुठाराघात - सिटी कोषालय होगा बंद , 24 कर्मचारियों का जिला कोषालय व अन्यत्र किया जाएगा स्थानांतरण

डिजिटल डेस्क जबलपुर । शहर के साथ एक और कुठाराघात हुआ है। शासन ने सुपर मार्केट स्थित सिटी कोषालय को बंद करने के आदेश दिए हैं। आदेश से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि खर्चों में कटौती करने के लिए ये आदेश जारी किए गए हैं। यहाँ पदस्थ कर्मचारियों को जिला कोषालय व अन्य स्थानों पर पदस्थ किया जाएगा। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि यह कार्यालय कब से कार्य करना बंद करेगा। आदेश में कहा गया है कि सिटी कोषालय में पदस्थ 24 से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों को जिला कोषालय के साथ ही अन्य जिलों में ट्रांसफर किया जाएगा।
7 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के प्रकरण
सिटी कोषालय में अधिकारियों-कर्मचारियों के बिल भुगतान और पेमेंट से जुड़े 
 हजार से ज्यादा प्रकरण पहुँचते हैं। इनमें रेग्युलर कर्मचारियों के 5969 प्रकरण और नॉन यूनिक कोड वाले 978 कर्मियों के बिल लगते हैं। इसी तरह जिला कोषालय में यूनिक कोड वाले कर्मियों की संख्या 30307 है, वहीं जो कर्मी रेग्युलर नहीं हैं, उनके बिल और पेमेंट से जुड़े 1469 प्रकरण पहुँचते हैं। इनके अलावा छात्रवृत्ति से जुड़े कुछ विभागों के प्रकरण भी पहुँचते हैं। अब सिटी कोषालय का काम भी जिला कोषालय में बढ़ जाएगा।  हालाँकि अधिकारियों का कहना है कि अब काम कम्प्यूटराइज्ड होने लगा है और प्रकरण भी ऑनलाइन आते हैं, इसलिए ज्यादा परेशानी नहीं होगी।
पहले ही करा लिए आदेश 
 सिटी कोषालय में पदस्थ कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों ने कार्यालय बंद होने का आदेश आने से पहले ही जिला कोषालय में ट्रांसफर आदेश करा लिया है। इन कर्मियों को भनक लग गई थी कि ऑफिस बंद होने के बाद उन्हें अन्य जगह स्थानांतरित कर दिया जाएगा। ऑफिस बंद होने की खबर के बाद अब महिला कर्मचारी परेशान हैं कि कहीं उनका ट्रांसफर दूसरी जगह न हो जाए। 
नए वित्तीय वर्ष से काम होगा बंद 
वित्त विभाग से नगर कोषालय को बंद करने के आदेश हो गए हैं, वहीं ट्रेजरी ऑफिसर और एटीओ को छोड़कर सिटी कोषालय में पदस्थ 24 कर्मियों को जिला कोषालय में अटैच किया जाएगा। डायरेक्टर को आदेश दिए गए हैं कि वे रिक्त पदों के अनुसार कर्मियों का ट्रांसफर करें, इसके अलावा जो सामग्री है उन्हें कहाँ पहुँचाना है इसका निर्णय लिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि नए वित्तीय वर्ष से इस कार्यालय में काम बंद हो जाएगा। 
इनका कहना है
सिटी कोषालय को बंद करने के आदेश हो गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में अब निर्णय लेंगे कि कर्मचारियों को कहाँ भेजा जाना है। फिलहाल जो भी कर्मचारी हैं वे जिला कोषालय में कार्य करेंगे।    
-पीके अहिवासी, जिला कोषालय अधिकारी
 

Tags:    

Similar News