ज्यादा लगेज ढुलाई करने पर वसूला जाएगा 6 गुना किराया

ज्यादा लगेज ढुलाई करने पर वसूला जाएगा 6 गुना किराया

Anita Peddulwar
Update: 2018-06-19 06:50 GMT
ज्यादा लगेज ढुलाई करने पर वसूला जाएगा 6 गुना किराया
हाईलाइट
  • यदि कोई यात्री निर्धारित क्षमता से ज्यादा लगेज ढुलाई करते पाया गया तो उससे 6 गुना ज्यादा किराया वसूला जाएगा।
  • 22 जून तक रेलवे ऐसे यात्रियों पर विशेष नजर रख रहा है।
  • 8 जून से शुरू हुई इस मुहिम के अंतर्गत अब तक नागपुर विभाग अंतर्गत सैकड़ों यात्रियों पर कार्रवाई कर लाखों का जुर्माना वसूला गया है।

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रेलगाड़ियों में ज्यादा लगेज लेकर चलने वालों की खैर नहीं है। 22 जून तक रेलवे ऐसे यात्रियों पर विशेष नजर रख रहा है। यदि कोई यात्री निर्धारित क्षमता से ज्यादा लगेज ढुलाई करते पाया गया तो उससे 6 गुना ज्यादा किराया वसूला जाएगा। 8 जून से शुरू हुई इस मुहिम के अंतर्गत अब तक नागपुर विभाग अंतर्गत सैकड़ों यात्रियों पर कार्रवाई कर लाखों का जुर्माना वसूला गया है।

शादी ब्याह आदि में शामिल होने के लिए जाने वाले यात्री अपने साथ बहुत ज्यादा लगेज लेकर चलते हैं। नियमानुसार हर श्रेणी में लगेज की क्षमता निर्धारित की गई है। यदि इससे ज्यादा लगेज ढुलाई की गई तो बदले में ज्यादा किराया चुकाना पड़ता है, लेकिन कई यात्रियों द्वारा मनमाने तरीके से लगेज की ढुलाई की जाती है, पर अब हद से ज्यादा भारी सामान लेकर यात्रा करने वालों की खैर नहीं है। दरअसल, रिजर्वेशन कोच में अब हद से ज्यादा लगेज लेकर सफर करने वाले यात्रियों पर रेलवे लगाम कसने वाला है।

अभी इस तरह से मिली रही है छूट 
एसी-1 में सामान ले जाने की सीमा 70 किलो है, जबकि अधिकतम छूट 15 किलो है। एसी-2 में ये छूट 50 किलो और अधिकतम छूट 10 किलो है। इसके अलावा एसी-3 में मुफ्त सीमा 40 किलो ले जाने की है, जबकि अधिकतम छूट 10 किलो है। इसके अलावा स्लीपर में मुफ्त सामान ले जाने की सीमा 40 किलो है और अधिकतम छूट यहां 10 किलो है। नि:शुल्क सीमा से अधिक सामान यात्री अगर बुक कराकर ले जाते हैं और गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने के बाद जांच में ये पाया गया तो अतिरिक्त सामान पर पार्सल चार्ज का छह गुना अधिक जुर्माना होगा। 

8 से 22 जून तक स्पेशल अभियान
रेलवे बोर्ड इस संबंध में जोन व मंडलों को सकुर्लर भेज कर जानकारी दी है। इसके लिए रेलवे देशभर के सभी रेल मंडलों में 8 से 22 जून तक एक अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत ट्रेन में अधिक सामान लेकर सफर करने वाले मुसाफिरों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Similar News