मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 5 दिनों में पकड़ा गया करीब 11 करोड़ का सोना 

त्योहारी मौसम में बढ़ी तस्करी  मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 5 दिनों में पकड़ा गया करीब 11 करोड़ का सोना 

Tejinder Singh
Update: 2022-09-16 16:09 GMT
मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 5 दिनों में पकड़ा गया करीब 11 करोड़ का सोना 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। त्योहारों के मौसम में सोने की तस्करी तेज हो गई है। मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पांच दिनों में अलग अलग मामलों में करीब 11 करोड़ रुपए का सोना पकड़ा जा चुका है। इन मामलों में 14 आरोपियों को तस्करी के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। तस्कर कस्टम अधिकारियों को चकमा देने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सोने के अंतर्वस्त्रों, जूतों, बेल्ट जैसी हर संभव जगह पर छिपाकर तस्करी की कोशिश की जा रही है लेकिन अधिकारी चौकस हैं। कस्टम विभाग के मुताबिक 12 सितंबर से 15 सितंबर तक तस्करी के जरिए लाया गया 11.7 किलो सोना बरामद किया गया है। बरामद सोने की कुल कीमत 5 करोड़ 48 लाख रुपए है। पकड़े गए आरोपियों में उत्तर प्रदेश का नौशाद अली भी शामिल है जिसे 843 ग्राम सोने के साथ पकड़ा गया था। बरामद सोने की कीमत 38 लाख रुपए है। पकड़े जाने के बचने के लिए आरोपी ने सोने को चूर चूर कर पाउडर बना लिया था। उसने पूछताछ में बताया कि मुफ्त टिकट का लालच देकर उससे सोने की तस्करी कराई गई। इससे पहले 11 सितंबर को कस्टम विभाग ने सूडानी नागरिक से 12 किलो सोना बरामद किया था जिसकी कीमत 5 करोड़ 38 लाख रुपए है। मुख्य आरोपी के साथ 11 और आरोपी थे जिन्होंने आरोपी के पकड़े जाने के बाद हंगामा कर उसे भगाने की कोशिश की लेकिन कस्टम अधिकारियों ने मामले में मुख्य आरोपी के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

 

Tags:    

Similar News