गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की जनआक्रोश रैली, 70 विधानसभा में प्रत्याशी उतारने का दावा

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की जनआक्रोश रैली, 70 विधानसभा में प्रत्याशी उतारने का दावा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-25 07:44 GMT
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की जनआक्रोश रैली, 70 विधानसभा में प्रत्याशी उतारने का दावा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। विधानसभा चुनाव के पहले गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जनाक्रोश रैली दिखाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। दशहरा मैदान में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली, जहां एसडीएम राजेश शाही को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासिंह मरकाम और राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष मनमोहन शाह बट्टी ने एक सुर में कह दिया कि गठबंधन के लिए रास्ते खुले है, लेकिन उसके पहले संख्या के आधार पर हमारी हिस्सेदारी यानी प्रत्याशियों की संख्या तय होनी चाहिए। यहां गोंगपा ने विधानसभा चुनाव में तीस से ज्यादा सीटों पर जीत का दावा कर तीसरी शक्ति बनने का दावा कर दिया।

कर्नाटक की तर्ज पर बनाएंगे सरकार- राष्ट्रीय अध्यक्ष
राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासिंह मरकाम ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जिसकी जितनी संख्या उतनी उसकी हिस्सेदारी होना चाहिए। हम प्रदेश की 70 सीटों के आसपास अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार रहे है, प्रत्याशी की घोषणा जल्द ही कर देंगे। हम इस चुनाव में कनार्टक की तर्ज पर सरकार बनाने जा रहे है। उन्होंने कहा कि आज गोंगपा ने रैली निकालकर अपनी ताकत दिखाई है जो आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे है इसके लिए पूरे प्रदेश में आंदोलन चलेगा।

गठबंधन के लिए हमारे दरवाजे खुले- बट्टी
राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष मनमोहन शाह बट्टी ने कहा कि हम विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर हैं। हम गठबंधन के लिए किसी के पास नहीं जाएंगे, लेकिन इसके लिए हमारे दरवाजे खुले हैं। गोंडवाना इस बार कर्नाटक जैसा प्रयोग करने जा रही है, इसके लिए हमारी सभी छोटे दलों से चर्चा चल रही है। हमारा लक्ष्य है कि इस चुनाव में 25 से 30 सीट जीतकर तीसरी शक्ति बनकर आए। कांग्रेस और भाजपा से गठबंधन पर मनमोहन शाह बट्टी ने कहा कि हम किसी के पास क्यों जाए। कांग्रेस से गठबंधन के लिए हमारी कोई बात नहीं चल रही है। इस चुनाव में कांग्रेस सत्ता पाने के लिए मछली की तरह तड़प रही है और भाजपा को सत्ता बचाने की चिंता सता रही है।

 

Similar News