वर्षा का कहर दीवार ढ़ही ,एक की मौत, मंडला के कई मार्ग बंद ,नदी नाला उफान पर 

वर्षा का कहर दीवार ढ़ही ,एक की मौत, मंडला के कई मार्ग बंद ,नदी नाला उफान पर 

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-03 09:13 GMT
वर्षा का कहर दीवार ढ़ही ,एक की मौत, मंडला के कई मार्ग बंद ,नदी नाला उफान पर 

डिजिटल डेस्क, मंडला। आधा सावन गुजरने के बाद मानसून मेहरबान हो गया है। पिछले दो दिन से हो रही झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर है।  पुल-पुलियों के ऊपर से नाले बह रहे है। जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। मंडला-डिंडौरी, घुघरी, मवई मार्ग में आवागमन अवरूद्व रहा है। यहां यात्री घंटो फंसे रहे है। 

दीवार में दबकर मौत

जहरमऊ में तेज बारिश के बाद मकान की दीवार गिर गई। इसमें दबने से 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। अशोक चंद्रौल पिता धन्नूलाल 53 वर्ष निवासी जहरमऊ के घर में तेज बारिश के कारण पानी भर रहा था, जिससे वह पानी निकासी के लिए जगह बना रहा था, इसी दौरान पुराने मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। इसमें अशोक दब गया। जिससे उसकी मौत हो गई है। जिला अस्पताल में पीएम कराया गया है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पिछले दो दिन से जिलेभर में झमाझम बारिश हेा रही है। मंडला, निवास और बिछिया  तहसील में जोरदार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर है। नर्मदा, बुढनेर, बंजर, हालोन का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसके अलावा मटियारी, फेन और बंजारी नदी उफान पर आ गई है। नदी-नालो ने रोद्र रूप धारण कर लिया है। नालो का पानी सड़क पर बनी पुल-पुलिया के ऊपर से बहने लगा है।यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घंटो यात्री फंसे रहे। कुछ मार्ग दो घंटे में खुल गये लेकिन कुछ मार्गो सुबह से लेकर शाम तक बंद रहे है।

यहां बनी समस्या

मंडला डिंंडौरी मार्ग में पटपरा नाला उफान पर होने के कारण यहां करीब 2 घंटे का आवागमन बाधित रहा है। यहां बड़ी संख्या में यात्री और वाहन फंसे रहे है। रामनगर मुनू मार्ग मरजदिया नाला उफान पर होने के कारण बंद रहा। रामनगर पदमी मार्ग कटंगा नाला में बाढ़ के हालात होने के कारण बंद रहा। रामनगर घुघरी मार्ग गुरवनी नाला की पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण बंद रहा। रामनगर टापू की तरह हो गया। पदमी से मंडला, घुघरी, मुनू सभी मार्ग बंद हो गये। मवई मंडला मार्ग में फेन नदी और बंजारी नदी के उफान पर होने के कारण बंद रहा। सुबह से एक भी बस मंडला से मवई और मवई से मंडला नही पहुंची। नदी के किनारे यात्री घंटो फंसे रहे। यहां यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मोतीनाला क्षेत्र में भी बाढ़ का असर रहा है। यहां भाई बहन नाला उफान पर होने के कारण खलौड़ी चंदरगांव मार्ग में आवागमन बाधित हुआ। 12 पंचायतों के लोग परेशान हुआ है। बबैहा नाला उफान पर होने के कारण यहां भी दर्जनो गांव के ग्रामीणो को आवागमन प्रभावित हुआ है। 
 

Tags:    

Similar News