नागपुर की इतवारी मंडी में आता है बड़ी मात्रा में सोना

नागपुर की इतवारी मंडी में आता है बड़ी मात्रा में सोना

Tejinder Singh
Update: 2019-01-12 11:26 GMT
नागपुर की इतवारी मंडी में आता है बड़ी मात्रा में सोना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी की इतवारी मंडी में बड़ी मात्रा में सोना आता है। इसमें तस्करी के सोने को शहर के कुछ सराफा कारोबार से जुड़े लोग ठिकाने लगाने में मददगार साबित होते हैं। यह बात संबंधित थाने के पुलिस कर्मियों को बखूबी पता है कि मंडी में आने वाला तस्करी का सोना कहां और किसके पास उतारा जाता है।

सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को तहसील थाने के डीबी स्क्वाड के एक दस्ते के कर्मचारियों का बयान लिया गया, जिसमें 5 पुलिसकर्मी शामिल हैं। उनसे सोना प्रकरण के बारे में पूछताछ की गई। यह मामला काफी रहस्यमय होने के साथ ही गहराता जा रहा है। कोलकाता से सोना लेकर आने वाले अजय नामक व्यक्ति तक भी पुलिस पहुंचने की कोशिश कर रही है।

सूत्रों ने जानकारी दी कि कोलकाता और मुंबई से सबसे अधिक सोना नागपुर की मंडी में आता है। इसमें कुछ मात्रा में तस्करी का सोना भी लाया जाता है। यह बात संबंधित थानों की पुलिस को पता भी है। तहसील थानांतर्गत सोना प्रकरण को लेकर पुलिस आयुक्त डाॅ. भूषणकुमार उपाध्याय काफी गंभीर हो गए हैं। उन्होंने पुलिस उपायुक्त राहुल माकनीकर से इस बारे में गहन जांच पड़ताल करने को कहा है। पुलिस विभाग के आला अफसरों का कहना है कि इस मामले की एक पर्ते खुलने की देर है। उसके बाद बाकी कड़ियां अपने आप जुड़ते जाएंगी। आला अफसरों के कानों तक इस मामले से जुड़े पुलिस कर्मियों के नाम पहुंच चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि अब पुलिस कर्मियों के बीच आपसी खींचतान भी शुरू हो चुकी है।

अब हर कोई अपने आप को बचाने के जुगाड़ में लग चुका है। संभवत: इस प्रकरण से जल्द ही सारे रहस्य उजागर हो जाएंगे। नागपुर में कुछ कुरियर सर्विस वाले भी अवैध तरीके से आने वाले सोने में मददगार साबित हो रहे हैं। अवैध तरीके से आने वाले सोने की हर खेप का बकायदा कमीशन बंधा होता है। यह कमीशन कुछ भ्रष्ट पुलिस वालों की जेब तक पहुंचने की चर्चा है। सोना प्रकरण से जुड़े अहम किरदार "मामा" का भी पुलिस लिखित बयान लेने की तैयारी कर रही है। नागपुर में तस्करी, हवाला या चोरी के माध्यम से आने वाले सोने को खपाने वालों में "मामा" के अलावा और कुछ लोग भी जुड़े हैं। इस प्रकरण का राज खुलने पर कई लोग बेनकाब हो सकते हैं। 

 

Similar News