शिवराज बोले - नीयत खराब रहती तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार ही नहीं बनती

शिवराज बोले - नीयत खराब रहती तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार ही नहीं बनती

Tejinder Singh
Update: 2019-07-11 12:12 GMT
शिवराज बोले - नीयत खराब रहती तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार ही नहीं बनती

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस या अन्य दलों के नेतृत्व की राज्य सरकारों को लेकर चल रही राजनीतिक उथलपुथल पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उनकी पार्टी किसी भी सरकार को नहीं गिराएगी। भाजपा की नीयत खराब रहती तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार ही नहीं बन पाती। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल अपने विधायक को नहीं संभाल पर रहे हैं वे सरकार को कैसे चला पाएंगे। कांग्रेस की जो स्थिति बनी है उसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार है। वह अपने पापों से मर रही है। कांग्रेस एक खानदान की गुलाम बनी। नया नेतृत्व नहीं उभरने दिया गया। श्री सिंह गुरुवार को होटल सेंटर प्वाइंट में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। वे भाजपा के सदस्यता अभियान के सदस्य भी है। गोंदिया में पार्टी व पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में आए श्री सिंह का विमानतल पर शहर भाजपा की ओर से स्वागत किया गया। इस बीच उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की। पत्रकार वार्ता में उनके निशाने पर कांग्रेस व गांधी परिवार ही रहा। कांग्रेस को वेंटिलेटर पर होने की स्थिति में बताते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने कांग्रेस को समाप्त कर देने को कहा था। असली गांधी की बात को नकली गांधी पूरा कर रहे हैं। कांग्रेस के डूबते जहाज को छोड़ कैप्टन ने छलांग लगा दी है। इस्तीफों का केवल नाटक चल रहा है। भाजपा जीत के बाद भी केवल जश्न में डूबी नहीं है। सदस्यता अभियान के माध्यम से उन राज्यों में भी मजबूत स्थिति में पहुंच रहे है जहां सत्ता का नेतृत्व भाजपा के पास नहीं है। नए सदस्य चुनाव नहीं राष्ट्र के पुननिर्माण के लिए बनाए जा रहे हैं। कर्नाटक में मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने इस्तीफा दे देना चाहिए। वहां सत्ता के लिए हुआ गठबंधन विचारों पर आधारित नहीं है। 

चल रही चुनाव प्रक्रिया

शिवराज सिंह ने यह भी कहा कि भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। 21 जुलाई को महाराष्ट्र में संगठन मामले को लेकर मुंबई में बैठक होगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा उस बैठक में रहेंगे। जिला व प्रदेश स्तर पर संगठन चुनाव के बाद नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाएगा। भाजपा में सेकंड जनरेशन के नेताओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। अपनी राजनीतिक राह पर उन्होंने कहा कि पार्टी जहां व जो काम करने को कहेगी वे उसे करेंगे। मध्यप्रदेश में चर्चित रेप केस पर उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई जल्द होना चाहिए। मध्यप्रदेश में महिला उत्पीड़न रोकने के लिए गैर राजनीतिक अभियान भी चल रहा है। 

ये थे उपस्थित

पत्रकार वार्ता में भाजपा के शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके, ग्रामीण के अध्यक्ष राजीव पोतदार, प्रदेश प्रवक्ता गिरीश व्यास, विधायक कृष्णा खोपडे, विधायक मिलिंद माने, विधायक विकास कुंभारे, विधानपरिषद सदस्य प्रा.अनिल सोले, पूर्व राज्यसभा सदस्य अजय संचेती, महापौर नंदा जिचकार, जयप्रकाश गुप्ता, चंदन गोस्वामी व अन्य पदाधिकारी थे। 

Tags:    

Similar News