विधानसभा प्रश्नोत्तर : सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ चलाएंगे अभियान, मुंबई में एक साल के भीतर 889 लड़कियां अगवा

विधानसभा प्रश्नोत्तर : सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ चलाएंगे अभियान, मुंबई में एक साल के भीतर 889 लड़कियां अगवा

Tejinder Singh
Update: 2021-03-05 12:45 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में सिंथेटिक ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ पुलिस, एफडीए, नार्कोटिक्स, इंडस्ट्री जैसे सभी विभाग एक साथ मिलकर अभियान चलाएंगे। महाराष्ट्र इस तरह की मुहिम चलाने वाला पहला राज्य होगा। साथ ही नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले फेंसिडिल कोरेक्स, आयोडेक्स, अल्प्राजोलम जैसे उत्पादों का भंडारण नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। गृहमंत्री अनिल देशमुख ने प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में यह जानकारी दी। समाजवादी पार्टी के अबू आजमी, भाजपा के आशिष शेलार आदि सदस्यों के सवाल के जवाब में मंत्री देशमुख ने बताया कि मेफेड्रान जैसे सिंथेटिक ड्रग्स हैं और यह ड्रग एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत नहीं आता। इस मामले में राज्य सरकार ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया को पत्र लिखेगी। 

24 हजार की बजाय राज्य की जेलों में भरे हैं 32 हजार से ज्यादा कैदी

राज्य के कुल 60 कारागृहों की  क्षमता 24 हजार 32 है जबकि इनमें इस साल 31 जनवरी तक 32 हजार 997 कैदी जेलों में बंद थे। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित दवाब में गृहमंत्री देशमुख ने यह जानकारी दी। भाजपा के मोहन मते के सवाल के जवाब में मंत्री देशमुख ने जानकारी दी कि मुंबई, येरवडा, ठाणे, औरंगाबाद, नागपुर, अमरावती, नाशिकरोड, कोल्हापुर, तलोजा सेंट्रल जेल की क्षमता 14 हजार 491 है लेकिन यहा क्षमता से 165 फीसदी ज्यादा यानी 23 हजार 858 कैदी बंद है। महिला जेलों में भी 1275 कैदियों की क्षमता है जबकि 1421 महिला कैद हैं।

राज्यभर में लागू होगा बीड पैटर्न

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए बीड़ पैटर्न पूरे राज्य में लागू करने पर विचार किया जा रहा है। कृषिमंत्री दादाजी भुसे ने विधानसभा में यह जानकारी दी। शिवसेना के कैलाश पाटील, ज्ञानराज चौगुले, भाजपा के गिरीश महाजन, चंद्रकांत पाटील आदि सदस्यों ने उस्मानाबाद जिले में किसानों को नुकसान भरपाई से जुड़ा सवाल पूछा था। जवाब में मंत्री भुसे ने बताया कि किसानों के लिए 72 घंटे के भीतर नुकसान की जानकारी देना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केंद्र के दिशानिर्देश के मुताबिक काम किया जाता है। बीमें से जुड़ी परेशानियों को लेकर वे केंद्र सरकार से बात करेंगे।

मुंबई में एक साल के भीतर अगवा हुई 889 लड़कियां

मुंबई में साल 2020 में अगवा हुई 889 लड़कियों में से 808 को तलाश कर उनके परिवार तक पहुंचा दिया गया है। बाकी 81 लड़कियों की भी तलाश जारी है। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा के अतुल भातखलकर, जयकुमार रावल, चंद्रकांत पाटील आदि सदस्यों के सवाल के लिखित जवाब में गृहमंत्री अनिल देशमुख ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जाता है। इसके अलावा भी कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं। 
 

Tags:    

Similar News