मकान में लगी आग, जिंदा जली महिला, पति गंभीर रूप से झुलसा

मकान में लगी आग, जिंदा जली महिला, पति गंभीर रूप से झुलसा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-22 14:28 GMT
मकान में लगी आग, जिंदा जली महिला, पति गंभीर रूप से झुलसा

डिजिटल डेस्क मंडला। आज दोपहर यहां एक कच्चे मकान में आग लग जाने के कारण घर के अंदर सो रहे दम्पत्ति में जहां पत्नी की मौत हो गई वहीं पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल पति की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अनुमान है कि खाना बनाने के बाद चूल्हे की आग को पूरी तरह ठंडा नहीं किया गया होगा और दोपहर को हवा चलने से चिंगारी उड़ कर दुर्घटना का कारण बन गई होगी। आग जब पूरी तरह फैल गई तब महिला की नींद टूटी और उसने उठकर भागने की कोशिश की किंतु तब तक देर हो चुकी थी और उसके ऊपर जलता हुआ छप्पर आकर गिर पड़ा। महिला का पति नशे में था और वह समय रहते महिला को बचा नहीं पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के बम्हनी थाना के ग्राम सिमरिया में वीभत्स अग्रि दुर्घटना हुई है। यहां दोपहर के समय मकान में सो रहे दंपत्ति घर जलने के कारण आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में महिला जिंदा जल गई है। पति को गंभीर अवस्था में स्थानीय स्वास्थ केन्द्र बम्हनी में भर्ती कराया गया है। यहां उसका उपचार चल रहा है। 

टीआई बम्हनी शफीक खान ने बताया है कि ग्राम सिमरिया में संजय सैयाम और कृष्ण कुमारी सैयाम घर में सो रहे थे। इसी दौरान घर में आग लग गई। आग की लपटों ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। पड़ोसी आग को देखकर मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आवाज लगाई। संजय सैयाम आग की लपटों से बचकर बाहर निकल आए लेकिन कृष्णकुमारी के ऊपर जलता हुआ छप्पर गिर गया। महिला ने जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाई लेकिन छप्पर के नीचे से महिला को निकालना मुश्किल हो गया। जिससे वह जिंदा जल गई। इस घटना की सूचना फायर बिग्रेड और बम्हनी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसे संजय को बम्हनी स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। इस वीभत्स अग्रि दुर्घटना में महिला की मौत के साथ घर की पूरी संपत्ति जलकर खाक हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि घर के चूल्हे में आग रही होगी। उसी की चिंगारी से पूरा घर जलकर खाक हो गया और महिला की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

Similar News