परमबीर सिंह मामले में बार मालिक के खिलाफ जारी हुआ लुकआउट नोटिस, जल्द होगी पूछताछ 

परमबीर सिंह मामले में बार मालिक के खिलाफ जारी हुआ लुकआउट नोटिस, जल्द होगी पूछताछ 

Tejinder Singh
Update: 2021-07-27 16:24 GMT
परमबीर सिंह मामले में बार मालिक के खिलाफ जारी हुआ लुकआउट नोटिस, जल्द होगी पूछताछ 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने दक्षिण मुंबई के एक बार मालिक जीतू नवलानी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। इस मामले में जल्द ही सिंह से भी पूछताछ की जा सकती है। इंस्पेक्टर अनूप डांगे की शिकायत के आधार पर एसीबी ने कुछ दिनों पहले ही सरकार के निर्देश पर मामले की खुली जांच शुरू की है। 

डांगे का दावा है कि बार मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने पर सिंह ने उन्हें झूठे मामले में निलंबित कर दिया था। बाद में बहाली के लिए रिश्तेदार के जरिए दो करोड़ रुपए मांगे थे। डांगे का दावा है कि जिस समय सिंह एसीबी के डीजी थे उन्होंने बार और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई से रोका था। जब उन्होंने इसके बावजूद कार्रवाई की तो मुंबई पुलिस आयुक्त बनने के बाद सिंह ने उनके खिलाफ झूठे मामले में निलंबन की कार्रवाई की। पिछले साल निलंबित किए गए डांगे को इस साल फिर बहाल कर दिया गया है। एसीबी सूत्रों ने इस मामले में मुख्य आरोपी परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए जाने से जुड़ी खबरों को गलत बताया है। एक अधिकारी के मुताबिक सिंह के खिलाफ अभी तक ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है बल्कि मामले में आरोपी बार मालिक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। 

बता दें कि लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद आरोपी विदेश नहीं भाग सकता। उसे हवाई अड्डे पर रोक लिया जाता है। राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देखमुख के खिलाफ मुंबई के रेस्टारेंट और बारों से हर महीने 100 करोड़ रुपए की वसूली का आरोप लगाने वाले आईपीएस अधिकारी सिंह के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। हाल ही में दो बिल्डरों ने मुंबई और ठाणे में सिंह और दूसरे आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है।     
 

Tags:    

Similar News