अदालत पेशी पर पहुंचे भगवान श्रीराम और लक्ष्मणजी, गौरिहार रामजानकी मंदिर का मामला

अदालत पेशी पर पहुंचे भगवान श्रीराम और लक्ष्मणजी, गौरिहार रामजानकी मंदिर का मामला

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-08 13:52 GMT
अदालत पेशी पर पहुंचे भगवान श्रीराम और लक्ष्मणजी, गौरिहार रामजानकी मंदिर का मामला

डिजिटल डेस्क, लवकुशनगर। यहां की अदालत में आज भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण को पेश होना पड़ा। हालांकि यह एक अनिवार्य न्यायालीन प्रक्रिया थी, जिसके पश्चात न्यायालय द्वारा भगवान की इन मूर्तियों को मंदिर के पुजारी को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार अदालतों में  भगवान श्रीराम के मंदिर से संबंधित प्रकरण तो चल ही रहे हैं, लेकिन आज 8 जनवरी 2019 दिन मंगलवार को  लवकुशनगर के न्यायालय में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अश्वनी सिंह के न्यायालय में भगवान राम एवं लक्ष्मण की मूर्तियां पेशी के लिए अदालत में प्रस्तुत की गई। शिनाख्ती के बाद माननीय न्यायालय द्वारा इन मूर्तियों को पुजारी को सुपुर्द कर दी गई।

शिनाख्ती के लिए बुलवाई गई थी मूर्तियां
भगवान राम एवं लक्ष्मण की ओर से न्यायालय के समक्ष अधिवक्ता देवराज निगम ने उपस्थित होकर पेशी करवाई। अधिवक्ता देवराज निगम द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि लवकुशनगर अनुविभाग अंतर्गत थाना गौरिहार के ग्राम घटरा में स्थित रामजानकी मंदिर में वर्ष 2016 में चोरी होने के कारण उपरोक्त मंदिर में विराजमान भगवान राम एवं लक्ष्मण की मूर्तियां एवं चरण चौकी चोरों द्वारा चुरा ली गई थी।

इस संबंध में थाना गौरिहार द्वारा उपरोक्त मूर्तियों एवं चरण चौकी को बरामद कर लिया गया था तथा उपरोक्त संबंध में थाना गौरिहार में अपराध क्रमांक 74/16 अपराध धारा 457 380 ताजी राते हिंद के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच पड़ताल कर  लवकुशनगर न्यायालय में चालान पेश किया था। इसमें प्रकरण क्रमांक 518/16 दर्ज किया गया, एवं मूर्तियों को पुजारी बसंत लाल पाठक को सुपुर्दगी में प्रदान किया गया। सुपुर्दगी में मूर्ति लिए जाने के बाद पुजारी एवं ग्रामवासियों द्वारा हर्षोल्लास के साथ भगवान राम और लक्ष्मण की मूर्तियों को मंदिर में पुन: विराजमान कर दिया गया था। अधिवक्ता देवराज निगम द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व पेशी में न्यायालय द्वारा मूर्तियों को न्यायालय में तलब किए जाने के लिए आदेशित किया था जिसके पालन में आज भगवान राम एवं लक्ष्मण की मूर्तियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

 

Similar News