मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर जबलपुर में, शहर के विकास में नहीं आने देंगे कोई अवरोध

प्रभारी मंत्री भार्गव ने मिशन नगरोदय कार्यक्रम का किया संबोधन मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर जबलपुर में, शहर के विकास में नहीं आने देंगे कोई अवरोध

Safal Upadhyay
Update: 2022-05-18 12:13 GMT
मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर जबलपुर में, शहर के विकास में नहीं आने देंगे कोई अवरोध

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। पहले नगरों की स्थिति क्या थी और अब कैसी है, यह सभी के सामने है। जबलपुर के प्रति उनका आत्मीय लगाव है और जबलपुर की प्रगति में कभी कोई अवरोध नहीं आने देंगे। मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर जबलपुर में बन रहा है। यह शहर के विकास की जीवन रेखा बनेगा। यह बात मंगलवार को लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री तथा प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने मानस भवन में आयोजित मिशन नगरोदय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि  शहरी सौंदर्यीकरण को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य हो रहे हैं।  विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को सतत रूप से लाभ देकर उनकी सहायता कर रही है। कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी ने नगरीय क्षेत्र के विकास के लिये मिशन नगरोदय अंतर्गत किये जा रहे विकास कार्यों के बारे में बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व कन्या पूजन कर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को उनकी दूसरी व तीसरी किस्त के प्रतीकात्मक चैक भी प्रदान किये गए, साथ ही पाँच-पाँच बच्चों को दस किग्रा व 15 किग्रा मूँग दाल का वितरण भी किया गया।  इस दौरान विधायक सुशील इंदू तिवारी, जीएस ठाकुर, रानू तिवारी, अभिलाष पाण्डे,स्वाति सदानंद गोडबोले, प्रभात साहू, डॉ.जितेन्द्र जामदार,शशिकांत सोनी सहित कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा आदि उपस्थित थे।    

विकास कार्यों का किया भूमि पूजन-

प्रभारी मंत्री ने इस दौरान नगर पालिक निगम के अमृत योजना फेस-2 अंतर्गत जल प्रदाय, सीवर एवं तालाबों के विकास कार्यों के लिये 923.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कार्यों का भूमिपूजन किया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7.22 करोड़ की लागत से 722 आवासों का व स्मार्ट सिटी द्वारा भी 175.09 करोड़ की लागत से 20 विकास कार्यों का भूमि पूजन हुआ। साथ-साथ अन्य विकास कार्यों का लोकापर्ण भी किया गया।
 

Tags:    

Similar News