नक्सलग्रस्त गड़चिरोली में रात गुजारेंगे सीएम फडणवीस     

नक्सलग्रस्त गड़चिरोली में रात गुजारेंगे सीएम फडणवीस     

Anita Peddulwar
Update: 2019-08-03 13:43 GMT
नक्सलग्रस्त गड़चिरोली में रात गुजारेंगे सीएम फडणवीस     

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। महाराष्ट्र प्रदेश को गठित हुए पूरे 59 वर्ष बीत चुके हैं। इस कालावधि में अब तक किसी मुख्यमंत्री ने नक्सलग्रस्त गड़चिरोली में रात नहीं गुजारी लेकिन रविवार को प्रदेश के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाजनादेश यात्रा के मुहाने गड़चिरोली पहुंचकर यहां ठहरेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे और नक्सलियों के शहीद सप्ताह के मद्देनजर जिला पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त कर रखे हैं।  बता दें कि, गत 28  जुलाई से 3 अगस्त  तक नक्सली संगठनों द्वारा जिले में शहीद सप्ताह मनाया गया है। अमूमन इस सप्ताह के दौरान नक्सलियों द्वारा विध्वसंक घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। मात्र इस वर्ष पुलिस की पुख्ता सुरक्षा के कारण अब तक नक्सली किसी  बड़ी घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाये हैं।

सप्ताह समाप्ति के कुछ दिनों तक भी नक्सली अपनी हरकतों से बाज नहीं आते। रविवार, 4 अगस्त को प्रदेश के मुखिया देवेंद्र फडणवीस महाजनादेश यात्रा के लिए गड़चिरोली पहुंच रहे हैं। शाम 7.30  बजे शहर के शिवाजी महाविद्यालय के प्रांगण में उनकी जनसभा आयोजित की गयी है।   2 घंटे तक चलने वाली इस सभा के बाद वे शहर के सर्किट हाऊस में रात गुजारेंगे। इसके बाद प्रात: होते ही वे चंद्रपुर के लिए रवाना होंगे।  विकास से वंचित गड़चिरोली जिले में अब तक प्रदेश के कई मुख्यमंत्रियों ने दौरा किया है। यहां पहुंचकर इन मंत्रियों ने विकास कार्यों का जायजा लेकर करोड़ों रूपये की निधि उपलब्ध करवायी है। लेकिन अब तक किसी मुख्यमंत्री ने गड़चिरोली में रूककर रात नहीं गुजारी। देवेंद्र फडणवीस ऐसे पहले मुख्यमंत्री होंगे जो, नक्सलग्रस्त गड़चिरोली में पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं पर चर्चा तो करेंगे, साथ ही गड़चिरोली में रात भी गुजारेंगे। 

यह फडणवीस नहीं फसनवीस सरकार हैं कांग्रेस 

रविवार को मुख्यमंत्री के गड़चिरोली दौरे को लेकर शनिवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक डा. नामदेव उसेंडी ने एक पत्र परिषद लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि, प्रदेश की सरकार फडणवीस न होकर फसनवीस सरकार है। अब तक कई दफा फडणवीस गड़चिरोली पहुंचे हैं। अपने दौरे में उन्होंने जिला वासियों को विभिन्न प्रकार के आश्वासन दिए हैं। लेकिन उन्होंने अब तक किसी आश्वासन की पूर्ति नहीं की है। महाजनादेश यात्रा केवल दिखावा होने का आरोप भी उन्होंने इस समय लगाया। 

Tags:    

Similar News