गूगल प्ले स्टोर में नजर आ रहे नागपुर मेट्रो नाम से कई डुप्लीकेट एप

गूगल प्ले स्टोर में नजर आ रहे नागपुर मेट्रो नाम से कई डुप्लीकेट एप

Anita Peddulwar
Update: 2019-04-12 08:11 GMT
गूगल प्ले स्टोर में नजर आ रहे नागपुर मेट्रो नाम से कई डुप्लीकेट एप

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट, रूट, फेयर, टाइम और बुकिंग करने के लिए नागपुर मेट्रो एप लांच किया जाना वाला था। इस एप के कई दूसरे डुप्लीकेट एप भी गूगल प्ले-स्टोर पर नजर आ रहे हैं। इनमें सही एप कौन सा है, यह पता लगाना मुश्किल है। इनका ‘लोगो’ भी लगभग मिलता-जुलता है। सभी एप दिखने में समान हैं, लेकिन सुविधा किसी में नहीं हैं। महा मेट्रो ने अब तक कोई एप लांच नहीं किया है। इन फर्जी एप को जमकर डाउनलोड किया जा रहा है, जिससे लोग गुमराह हो रहे हैं। इनमें केवल रूट की जानकारी है, शेष कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

अपने हिसाब से फेयर भी डाल दिया
गूगल प्ले-स्टोर पर सभी एप में यह समझना बहुत मुश्किल है कि, सही और असली कौन सा है। किसी एप में केवल मेट्रो के फोटो और वीडियो है, तो किसी पर केवल मेट्रो का रूट अपडेट कर रखा है। एक एप पर तो ट्रेन रूट, कॉरीडोर, यात्रियों की क्षमता, सर्विस ऑवर की जानकारी है। इसमें ट्रेन का टाइमिंग ही नजर नहीं आ रहा, बुकिंग की कोई जानकारी नहीं है। एक एप में तो अपने हिसाब से सफर का फेयर भी बता दिया गया है। सीताबर्डी से खापरी तक का फेयर 20 रुपए है, लेकिन इस एप में 33 रुपए बताया रहा है। कई लोग बुकिंग के लिए और टाइमिंग जानने के लिए इन्हें डाउनलोड कर रहे हैं, लेकिन किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं मिल रही है। 

ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं
मेट्राे में सफर करने और यात्रियों की सुविधा के लिए नागपुर महा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट द्वारा ‘नागपुर मेट्रो’ नामक एप लांच किया जाना वाला था, लेकिन चुनाव के कारण इसे लांच नहीं किया गया। यह डिजाइन हो चुका है। इसमें टिकट बुकिंग, रूट, ट्रेन टाइम, मेट्रो मेप और किराए पर साइकिल बुकिंग की सुविधा रहेगी।

प्ले-स्टोर पर मिले केवल 19 रिव्यू
गूगल प्ले-स्टोर पर एक एप को 19 रिव्यू के साथ 100 से ज्यादा लोगों ने डाउनलाेड किया है और दूसरे एप को 19 रिव्यू के साथ 1000 से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया है। कोई भी नया यात्री ट्रेन की टाइम और फेयर की जानकारी के लिए इसे डाउनलोड कर लेता है, जिससे इनके डाउनलोडर्स बढ़ रहे हैं। फिलहाल यात्रियों को लाइन में खड़े होकर और स्टेशन के बारे में पूछताछ कर ही टिकट लेना पड़ रहा है।

चुनाव के बाद करेंगे लांच
हमारा एप बनकर तैयार है। हमने अभी तक इसे लांच नहीं किया है। चुनाव और आचार संहिता के कारण इसे लांच नहीं किया गया है। चुनाव होते ही लांच कर देंगे, जो यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा।
- अखिल हलवे, जनसंपर्क अधिकारी महा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट 
 

Tags:    

Similar News