महाराष्ट्र बंद पर मराठा संगठनों में फूट, कहीं बंद तो कहीं होगा धरना प्रदर्शन

महाराष्ट्र बंद पर मराठा संगठनों में फूट, कहीं बंद तो कहीं होगा धरना प्रदर्शन

Tejinder Singh
Update: 2018-08-08 14:43 GMT
महाराष्ट्र बंद पर मराठा संगठनों में फूट, कहीं बंद तो कहीं होगा धरना प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर 9 अगस्त को बुलाए गए महाराष्ट्र बंद पर मराठा समाज के संगठनों में फूट पड़ गई है। सकल मराठा समाज महाराष्ट्र के मराठा क्रांति महामोर्चा के समन्वयक अमोल जाधवराव ने दावा किया कि गुरुवार को ठाणे और नई मुंबई को छोड़कर पूरे महाराष्ट्र में बंद रहेगा। हालांकि जाधवराव ने स्पष्ट किया है कि महाराष्ट्र बंद में अत्यावश्यक सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।

जबकि मुंबई मराठा क्रांति के समन्वयक के वीरेंद्र पवार ने कहा कि हम लोग महाराष्ट्र बंद में शामिल नहीं होंगे। हमने केवल बांद्रा में स्थित मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना- प्रदर्शन करने का फैसला किया है।

दूसरी ओर नई मुंबई के सकल मराठा समाज ने बंद में शामिल नहीं होने की घोषणा की है। ठाणे के मराठा समाज के संगठन बंद में हिस्सा नहीं लेंगे। बुधवार को दादर में पत्रकारों से बातचीत में जाधवराव ने कहा कि मराठा समाज ने अभी तक 58 मूक मोर्चा निकाला। लेकिन राज्य सरकार ने मराठा समाज की मांगों की ओर अनदेखा किया है। इसलिए मराठा समाज ने अगस्त क्रांति दिवस पर महाराष्ट्र बंद बुलाया है। जाधवराव ने कहा कि मराठा समाज में कोई फूट नहीं पड़ी है।

मराठा समाज के अलग-अलग संगठन अपने तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। हम लोगों का किसी संगठन को लेकर विरोध नहीं है। जाधवराव ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आरक्षण समेत अन्य मांगों के बारे में लिखित आश्वासन नहीं देते हैं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील ने मराठा समाज के विभिन्न संगठनों से आंदोलन वापस लेने की अपील की है। जाधवराव ने कहा कि बंद के दौरान स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य सेवा और दूध आपूर्ति जैसी अत्यावश्यक सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। 

Similar News