नाबालिग से रचा रहा था विवाह, पुलिस ने मंडप से दूल्हे को किया गिरफ्तार

नाबालिग से रचा रहा था विवाह, पुलिस ने मंडप से दूल्हे को किया गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-28 16:56 GMT
नाबालिग से रचा रहा था विवाह, पुलिस ने मंडप से दूल्हे को किया गिरफ्तार


डिजिटल डेस्क छतरपुर।  एक नाबालिग लड़की से शादी रचाने के चक्कर में दूल्हे राजा को हवालात की हवा खानी पड़ गई। दरअसल सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छुई खदान निवासी युवक रामबहादूर अनुरागी पिता लक्ष्मण अनुरागी उम्र 22 साल एक नाबालिग लड़की से घर में शादी कर रहा था। नाबालिग से शादी करने की सूचना जब पुलिस और महिला बाल विकास विभाग को लगी तो दोनों विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और न केवल शादी रुकवाई, बल्कि नाबालिग से शादी करने वाले युवक को पुलिस पकड़कर ले गई। बताया जा रहा है कि लड़की की उम्र बालिग होने में 15 दिन कम  है।
क्या है पूरा मामला-
 दरअसल चंदला के मनुरिया की रहने वाली नाबालिग लड़की की शादी उसके घर वाले डेढ़ माह पहले एक लड़के से कर रहे थे। शादी वाले दिन ही लड़की ने यह कहते हुए शादी से इंकार कर दिया कि जिस लड़के से उसकी शादी हो रही है। वह सांवला है, लिहाजा वह शादी से इंकार कर घर से भाग गई और छुई खदान में आकर रहने लगी। चूंकि लड़की और लड़के की पहले से पहचान थी, जिसके चलते वह लड़के के घर में ही रह रही थी।
दूल्हे के परिवार के लोग दुखी-
दूल्हे के घर में पिछले एक सप्ताह से शादी की तैयारी चल रही थी। दूल्हे सहित पूरे परिवार के लोग खुश थे, लेकिन उन्हें नहीं पता कि शादी वाले दिन मंडप से ही पुलिस दूल्हे-दुल्हन दोनों को पकड़कर ले जाएगी। बताया जा रहा है कि अगर 15 दिन बाद शादी होती तो दुल्हन बनी लड़की बालिग हो जाती, तब न तो उनकी शादी को पुलिस रोक सकती और न महिला बाल विकास विभाग। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। जब लड़की के पिता उसकी शादी कर रहे थे, तब भी वह नाबालिग थी। ऐसे में उस मामले में क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। लड़की ने बताया कि जिस लड़के से घर वाले शादी कर रहे थे, वह उसे पसंद नहीं था। उसे लड़के के रंग से आपत्ति है। वहीं वह उस समय भी नाबालिग ही थी। और घर वाले नहीं मान रहे थे।
चंदला पुलिस को सौंपा-
सिविल लाइन पुलिस ने लड़की और लड़के दोनों को पकड़कर चंदला पुलिस के हवाले कर दिया है। सिविल लाइन थाने के उप निरीक्षक बृजेंद्र चाचोदिया का कहना है कि पूर्व में मामला चंदला थाने में दर्ज था। लिहाजा आगे की कार्रवाई के लिए पूरा मामला चंदला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Tags:    

Similar News