नकाबपोशों ने ताजश्री शोरूम के अकाउंटेंट से 14 लाख लूटे

नकाबपोशों ने ताजश्री शोरूम के अकाउंटेंट से 14 लाख लूटे

Anita Peddulwar
Update: 2018-05-10 06:41 GMT
नकाबपोशों ने ताजश्री शोरूम के अकाउंटेंट से 14 लाख लूटे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में क्राइम इस कदर बढ़ गया है कि हर दिन कोई न कोई बड़ी घटना सामने आने से जनता खुद को सुरक्षित महसूस करने लगी है। अजनी चौक में तलवार की नोंक पर चार से पांच नकाबपोश दोपहिया वाहन सहित डिक्की में रखी 14 लाख रुपए की नकदी ले भागे। घटना के तत्काल बाद शहर में नाकाबंदी भी की गई, लेकिन देर रात तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। परिसर के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। धंतोली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।  

रास्ते में रोका वाहन
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब साढ़े आठ बजे के दौरान ताजश्री वाहन शोरूम का अकाउंटेंट दुर्गेश पारधी और कैशियर जयंता खोडे ने हमेशा की तरह दिन भर की कमाई के करीब 14 लाख रुपए दोपहिया वाहन की डिक्की में रखा और रकम शोरूम के संचालक सुनील भुत्ते के समर्थ नगर स्थित घर पहुंचाने के लिए रवाना हुए। इस बीच देवनगर से अजनी चौक के बीच चार से पांच नकाबपोश डकैतों ने तलवार की नोंक पर उनका वाहन रोक लिया। जान से मारने की धमकी देकर नकदी से भरा दोपहिया वाहन ले भागे। इसके बाद दोनों कर्मचारी दौड़ते-भागते पहले शोरूम और उसके बाद थाने पहुंचे।

सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। नाकाबंदी भी की गई है, मगर आरोपियों का सुराग नहीं मिला। घटित प्रकरण को जिस तरह से अंजाम दिया गया है, उससे टिप दिए जाने की भी आशंका है। आरोपियों की तलाश में परिसर के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच जारी है।  इस संदर्भ में शाेरूम संचालक सुनील भुते से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना से क्षेत्र में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है। 

Similar News