अब तीन जगह धान खरीदी करेगा मार्केटिंग फेडरेशन, किसानों को मिलेगी सुविधा

अब तीन जगह धान खरीदी करेगा मार्केटिंग फेडरेशन, किसानों को मिलेगी सुविधा

Anita Peddulwar
Update: 2019-12-24 07:55 GMT
अब तीन जगह धान खरीदी करेगा मार्केटिंग फेडरेशन, किसानों को मिलेगी सुविधा

डिजिटल डेस्क, आरमोरी(गड़चिरोली)।  मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से तहसील मुख्यालय में एकमात्र धान खरीदी केंद्र आरंभ किया गया है। इस केंद्र में लगातार किसानों की भीड़ बढ़ रही है। इसके मद्देनजर कलेक्टर शेखर सिंह ने तहसील में पुन: दो केंद्र शुरू करने के आदेश दिए हैं। जिसके चलते तहसील के आरमोरी के बाद अब ग्राम वैरागढ़ और फरी में धान खरीदी केंद्र शुरू होंगे।

बता दें कि, आरमोरी के कृउबास परिसर में मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से धान खरीदी आरंभ की गयी है। इस केंद्र के तहत 50 से अधिक गांव  शामिल किए गए हैं। जिसके चलते प्रतिदिन यहां किसानों की भीड़ बढऩे लगी थी। दौरान समय पर धान की बिक्री न होने पर किसानों में असंतोष व्याप्त था। इस संबंध में कांग्रेस के आदिवासी सेल के पदाधिकारियों ने हाल ही में जिलाधिकारी सिंह के साथ भेंट कर खरीदी केंद्र की समस्या से उन्हें अवगत कराया। जिसके बाद उन्होंने तत्काल आदेश जारी करते हुए तहसील के ग्राम वैरागढ़ और फरी में धान खरीदी केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए। जिसके चलते अब आरमोरी केंद्र में आरमोरी समेत डोंगरगांव, ठाणेगांव, इंजेवारी, देवलगांव, किटाली, सूर्यडोंगरी, आकापुर, डोंगरसावंगी, वाघाड़ा, शिवणी, सायगांव, अरसोड़ा, रवी, पालोरा, रामाला, कनेरी आदि गांवों के किसान धान की बिक्री करेंगे। वहीं  वैरागढ़ केंद्र पर वैरागढ़, वनखी, चामोर्शी, वासाला और फरी केेंद्र पर कासवी, पाथरगोटा, जोगीसाखरा, शंकरनगर, पलसगांव, सालमारा, आष्टा, अतरंजी आदि गांवों के किसान धान की बिक्री करेंगे। प्रशासन द्वारा दो नये केंद्रों को मंजूरी देने से किसानों ने हर्ष व्यक्त किया है।

इधर खेत में रखे धान के ढेर को लगाई आग 
चंद्रपुर जिले की सावली तहसील के ग्राम बोथली में पूर्व सरपंच के भाई प्रदीप पुंडलिक गड्डमवार के कुल आठ एकड़ खेत में लगाई गई श्रीराम प्रजाति की धान की फसल काटकर खेत में ही ढेर रचकर रखे थे। 22  दिसंबर की मध्यरात्रि में अज्ञात आरोपियों ने इन धान के ढेर को आग के हवाले कर दिया, जिसमेंं पीड़ित किसान का करीब 4 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के समय स्थानीय निवासी किसान प्रदीप गडडमवार सहपरिवार शिर्डी में गए हुए थे। घटना की जानकारी के बाद पीड़ित किसान ने गांव पहुंचकर  सावली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर संबंधित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इस समय पूर्व सरपंच प्रकाश गडडमवार ने इस तरह की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए उपाय करने तथा पीडि़त किसान को मुआवजा देने की मांग की है।


 

Tags:    

Similar News