अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, अचानक तबीयत खराब होने से चार ने तोड़ा दम

अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, अचानक तबीयत खराब होने से चार ने तोड़ा दम

Tejinder Singh
Update: 2019-10-06 12:07 GMT
अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, अचानक तबीयत खराब होने से चार ने तोड़ा दम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कार और ऑटो में भिड़ंत में दो महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे में मासूम बालक बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। उधर मौके पर इमामवाड़ा थाने की पुलिस पहुंचती इसके पूर्व ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया। कार चालक के खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। प्रकरण को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। वर्धा जिले के सेलू निवासी एक व्यक्ति पत्नी, दो वर्षीय बच्चा और परिवार की एक अन्य महिला सदस्य के साथ बहन से मिलने के लिए उसके घर आया हुआ था। शनिवार को यह लोग एक ऑटो रिक्शा में जगनाड़े चौक से गणेशपेठ स्थित बस स्टैंड जाने के लिए सवार हुए। शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के दौरान ग्रेट नाग रोड स्थित अशोक चौक में एक कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाकर ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिला समेत तीन लोग मामूली रुप से घायल हो गए। मासूम बालक बाल-बाल बच गया। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने कार चालक को घेर लिया,  जिससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। इस बीच घायलों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। चालक ने घायलों के इलाज खर्च उठाया। जिसके चलते पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं िकया है। घटित प्रकरण से कार चालक और ऑटो चालक में समझौता हुआ है, हालांकि प्रकरण को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। 

वाहन की टक्कर से महिला की मौत

वहीं पैदल जा रही एक महिला को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह जख्मी महिला को तुरंत कामठी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना नया कामठी थाना अंतर्गत शनिवार को तड़के हुई। मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। महिला की उम्र 40 से 45 के लगभग है। घटना के वक्त वह कामठी-कलमना रोड से पैदल जा रही थी। इस दौरान किसी अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई थी। कुछ लोगों की जख्मी महिला को कामठी के शासकीय रुग्णालय भेजा, जहां उसकी मौत हो गई।

अचानक तबीयत खराब होने से चार लोगों की मौत
 

अचानक तबीयत खराब होने से शहर में अलग-अलग स्थानों पर 4 लोगों की मौत हो गई। घटनाएं बर्डी, हुड़केश्वर, प्रताप नगर व लकड़गंज थाना अंतर्गत हुईं। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। पहली घटना बर्डी थाना अंतर्गत हुई। दोपहर एक बजे पारथी पारथा मुखोपाध्याय (62), निवासी धरमपेठ की भोले पेट्रोल पंप के पास अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना हुड़केश्वर अंतर्गत हुई। सुभाष भीमराव खंडारे ( 50), निवासी नरसाला की तबीयत खराब होने के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मरीज को मेडिकल में रेफर किया था, वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। लकड़गंज थाना अंतर्गत भी एक वृद्ध की तबीयत खराब होने से मौत हो गई। मृतक अनिल काशीनाथ मुल ( 60), निवासी बगड़गंज है। इसके अलावा एक अज्ञात युवक की भी तबीयत खराब होने से मौत हो गई। युवक प्रताप नगर थाना अंतर्गत बेहोशी की हालत में मिला था। उसे उपचार के लिए मेडिकल में लाने के बाद उसे मृत घोषित  कर दिया गया। 
 

Tags:    

Similar News