न्यू ईयर पर थाना बना मधुशाला, डीजे की धुन पर थिरकते रहे पुलिस कर्मी

न्यू ईयर पर थाना बना मधुशाला, डीजे की धुन पर थिरकते रहे पुलिस कर्मी

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-04 05:57 GMT
न्यू ईयर पर थाना बना मधुशाला, डीजे की धुन पर थिरकते रहे पुलिस कर्मी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। न्यू ईयर मनाने में मशगूल पुलिस कर्मियों को पता ही नहीं चला की उनके थानांतर्गत किसी ने एक युवक की हत्या कर पुल के नीचे फेंक दिया है। हिंगना थाने में  अधिकारी-कर्मचारियों ने नव वर्ष का जमकर जश्न मनाया। डीजे की धुन पर अधिकारी- कर्मचारी देर रात तक जमकर थिरके। इस बीच, सुबह गुरुवार की सुबह वेणा नदी में पुल के नीचे एक युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या का संदेह जताया जा रहा है। चर्चा है कि पुलिस जिस समय जश्न में डूबी थी, शायद उसी समय उस युवक का खात्मा कर शव पुल के नीचे फेंक दिया गया।

मृतक का नाम  मंगेश अनिल नंदनघरे (25) महाजनवाड़ी, वानाडोंगरी निवासी है। एक साल पहले इसकी शादी हुई थी। युवक बुटीबोरी एमआईडीसी में कहीं काम करता था। नागरिकों की मानें तो पुलिस को सुबह तक इस घटना के बारे में पता नहीं चल पाया था। गुरुवार की सुबह वेणा नदी के पुल के नीचे एक युवक के निर्वस्त्र शव मिलने की सूचना मिलने पर हिंगना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया गया है। 

खाकी फिर हुई दागदार
खास व्यक्तियों को आमंत्रित किया था

थाने में आयोजित पार्टी में कुछ खास व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया था। थाना परिसर चार पहिया वाहनों से खचाखच भरा था। यहां यह भी गौर करने वाली बात है कि इसी पुलिस ने कुछ माह पूर्व धार्मिक कार्यक्रम के दौरान डीजे नहीं बजाने दिया था। 

जमकर परोसी गई शराब भी
चर्चा तो यह भी है कि थाने में जमकर शराब भी परोसी गई। थाना परिसर में ही पंडाल डालकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी थानेदार ने अपने भरोसेमंद अधिकारियों को सौंपी थी। 

इसलिए नागरिकों में आक्रोश
नागरिकों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि थाने से कुछ ही दूरी पर शव मिला और पुलिस को गुरुवार की सुबह तक इसकी भनक नहीं लग पाई।

Similar News