प्रधानमंत्री आवास योजना : 20 लोगों से 7.5 लाख रुपए की ठगी

प्रधानमंत्री आवास योजना : 20 लोगों से 7.5 लाख रुपए की ठगी

Anita Peddulwar
Update: 2020-03-16 08:16 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत म्हाडा क्वार्टर दिलाने का झांसा देकर 20 से भी ज्यादा लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया। हुड़केश्वर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रकरण में और भी गंभीर खुलासे होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। गुरुदेव नगर निवासी ऋषभ मधुकर सेलोकर (18) है। ऋषभ को पिता नहीं है। वह मां के साथ मामा के घर में रहता है और किसी वकील के दफ्तर में काम करता था। उसी दफ्तर में लक्ष्मी सेलोटकर नामक महिला भी काम करती है।

आरोपी से पीड़ित को मिलवाया महिला ने
एक दिन लक्ष्मी ने ऋषभ को बताया कि, अक्षय उर्फ अंकित पराये (32), जम्बूदीप नगर निवासी की एनआईटी (नागपुर सुधार प्रन्यास) में बड़े अधिकारी और पदाधिकारियों से पहचान है। वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ‘ड्रॉ’ के जरिए लोगों को म्हाडा के फ्लैट दिला सकता है। वह कई लोगों को म्हाडा के फ्लैट दिला चुका है। लक्ष्मी ने यह भी बताया था कि, वर्तमान में वाठोड़ा क्षेत्र में म्हाड़ा के फ्लैट निर्माणाधीन हैं। लोग अक्षय से संपर्क कर रहे हैं। वह खुद भी म्हाडा का फ्लैट लेना चाहती है। इसके लिए वह अक्षय को सात हजार रुपए भी दे चुकी है। मामा के घर में रहने से ऋषभ को भी फ्लैट की जरूरत थी। लक्ष्मी ने उसकी पहचान अक्षय से करा दी। 

आरोपी ने दोस्त के खाते में ट्रांसफर करवाए रुपए
बातचीत में अक्षय ने ऋषभ को फ्लैट की कीमत साढ़े सात लाख रुपए बता कर, यह रकम किस्तों में देने की जानकारी दी। पश्चात रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क के नाम पर अक्षय ने ऋषभ से 21 हजार 660 रुपए ऐंठ लिए। यह रकम अक्षय ने खुद के खाते में डालने की जगह अपने मित्र आकाश उइके के खाते में ट्रांसफर करने के लिए ऋषभ को कहा था। रुपए देने के बाद भी फ्लैट नहीं मिलने पर ऋषभ ने अक्षय से अपने रुपए वापस मांगे तो वह आनाकानी करने लगा। 

डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने की शिकायत
इस बीच ऋषभ को पता चला कि, अक्षय ने और भी 19 लोगों से इसी तहर म्हाडा का फ्लैट दिलाने के नाम पर करीब साढ़े सात लाख रुपए ऐंठ लिए हैं। अक्षय की इस धोखाधड़ी की ऋषभ सहित 20 लोगों ने थाने में शिकायत की है। इसकी भनक लगते ही अक्षय फरार हो गया। उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। 

महिला की भूमिका की जांच
इस प्रकरण में ओर भी लोग लिप्त होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। प्रकरण में लक्ष्मी की भूमिका की भी पड़ताल किए जाने की जानकारी सहायक निरीक्षक शुभांगी मोहारे ने दी है।

Tags:    

Similar News