बारिश थमते ही बढ़ा पारा, सूरज के दर्शन फिलहाल नहीं 

बारिश थमते ही बढ़ा पारा, सूरज के दर्शन फिलहाल नहीं 

Anita Peddulwar
Update: 2019-08-02 06:33 GMT
बारिश थमते ही बढ़ा पारा, सूरज के दर्शन फिलहाल नहीं 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले सप्ताह भर से जारी बारिश थमते ही पारा बढ़ गया है। बदरीला मौसम बना हुआ है और सूरज के दर्शन फिलहाल होने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अपने सामान्य स्थान पर बनी द्रोणिका फिर ऊपर की ओर खिसक गई है। इससे विदर्भ में आ रही बौछारों को विराम लग गया है। फिलहाल 5 अगस्त तक अच्छी बौछारों की उम्मीद नहीं है। पिछले करीब सप्ताह भर से ‘विलुप्त’ सूर्य के आज नजर आने की संभावना थी लेकिन सुबह से ही बादल फिर छाए हुए हैं जिससे सूर्य दर्शन अब मुश्किल नजर आ रहा है।  मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-पूर्व मध्य प्रदेश से आगे चला गया है और कमजोर पड़ गया है। इससे अब विदर्भ को मानसूनी बौछारों के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा।   4 अगस्त तक एक और कम दबाव का क्षेत्र आकार ले लेगा। अब इससे ही कुछ मानसूनी बौछारों के आने की उम्मीद की जा सकती है। 

5 अगस्त के बाद फिर लग सकती है झड़ी 

उल्लेखनीय है गत एक सप्ताह से जारी सावन की झड़ी से मौसम में ठंडक घुल गई है।  गुरुवार को पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। सुबह हल्की बौछारों के बाद पूरे दिन फुहारें मौसम को खुशनुमा बनाती रहीं। आसमान मेघों से ढंका रहा। वर्षा के थमने से दिन का पारा 3 डिग्री ऊपर चढ़ा है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 3 डिग्री नीचे ही है। इससे संतरानगरवासियों को गर्मी और उमस से राहत बनी रही। शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं जिससे दोपहर बाद इनके बरसने की उम्मीद की जा रही है।  मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री नीचे रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे 22.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 92 तथा न्यूनतम 87 प्रतिशत रही। विलंब से आई बारिश किसानों में नई उम्मीद जगा रही है। रुक-रुक कर हो रही बारिश फसल के लिए अच्छी मानी जा रही है।

Tags:    

Similar News